3 लाख के लिए भाई ने की बहन की हत्या, बोरे में शव भर 70 किमी तक बाइक से घूमा
गोरखपुर में भाई ने ₹3 लाख रुपये के विवाद में बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी शव को बोरे में भरकर 70 किमी दूर कुशीनगर ले गया। सीसीटीवी और गवाहों की जानकारी से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

गोरखपुर: गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय नीलम निषाद की उसके ही भाई राम आशीष निषाद ने ₹3 लाख रुपये के विवाद में गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरा और कुशीनगर जिले के एक गन्ने के खेत में फेंक आया। यह जगह करीब 70 किलोमीटर दूर थी।
27 अक्टूबर की शाम नीलम घर से निकली थी और फिर लौटी नहीं। बहन इसरावती देवी ने रात में 112 नंबर पर गुमशुदगी दर्ज कराई। अगले दिन परिवार ने भाई पर हत्या का शक जताया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पुलिस ने जब राम आशीष से पूछताछ की तो उसने पहले गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि वह कप्तानगंज में अपनी पत्नी के पास गया था। लेकिन सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस ने उसकी पोल खोल दी। फुटेज में वह बोरे में कुछ रखकर बाइक से जाते दिखा — वही दिन जब नीलम गायब हुई थी।
स्थानीय महिला सुदामी देवी ने बताया कि उन्होंने उसे बोरा लेकर जाते देखा था। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फुटेज दिखाए जाने पर आरोपी टूट गया और कबूल कर लिया कि उसने बहन की हत्या की।
3 लाख के लेनदेन पर बिगड़े रिश्ते
नीलम के पिता चिंकू निषाद ने बताया कि बेटे और बेटी में ₹3 लाख रुपये को लेकर लंबे समय से विवाद था। यह रकम नीलम की शादी के लिए रखी गई थी, जिसे राम आशीष बार–बार मांगता था। पैसे न मिलने की खुन्नस में उसने रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी और शव फेंक दिया।
पुलिस ने बरामद किया शव
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई रिपोर्ट आने के बाद होगी।



