भाजपा का आरोप पंजाब सरकार की लापरवाही से फैला कोरोना

चंडीगढ़,  पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कोरोना की दूसरी लहर में राज्य में मरीजों की बढ़ती संख्या तथा बड़ी संख्या में मौतें होने पर राज्य सरकार आपराधिक लापरवाही का आरोप लगाया है।

शर्मा ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में वर्चुअल माध्यम से पत्रकारवार्ता को सम्बोधित करते हुये कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने गत वर्ष के कोरोना लॉकडाउन से सबक नहीं लेने, राज्य में पर्याप्त इंतजाम नहीं करने और हर स्तर पर हर स्तर पर अपने कर्तव्य का निर्वाह करने में विफलता का आरोप लगाया। यहां तक कि राज्य सरकार केंद्र की मोदी सरकार द्वारा प्रदान की गई सहायता का उपयोग करने में भी न केवल विफल रही बल्कि इसमें संवेदनहीनता दिखाई।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 201 करोड़ रुपये की लागत से पूरे देश में स्थापित किए जाने वाले 162 मेडिकल ऑक्सीजन संयंत्रों का आवंटन किया जिसमें से पंजाब को तीन ऑक्सीजन संयंत्र आवंटित किए गए थे। इसके लिये केंद्र ने धन भी उपलब्ध कराया था। लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार इनमें से एक भी संयंत्र स्थापित नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता को यह बताएं कि केंद्र सरकार की इस सम्बंध में की गई पहल पर राज्य सोती क्यों रही?

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को कोरोना मरीजों के लिये 290 वेंटिलेटर भेजे जिनमें से 250 वेंटिलेटर सरकार की नालायकी के कारण बेकार पड़े थे क्योंकि राज्य सरकार इसके लिए उचित प्रबंध नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने ये दो आपराधिक गलतियां कीं जिनकी वजह से आम लोगों को जानमाल का बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने खेद व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में जनता की जरूरतों को भी पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने मई और जून में केंद्र सकार द्वारा देश और पंजाब की जरूरतमंद जनता को मुफ्त राशन प्रदान करने के फैसले की भी सराहना की।

शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कोविड को लेकर भ्रामक प्रचार कर राजनीति कर रही है। उन्होंने गत दिनों राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ की उपस्थिति और कैबिनेट के फैसलों के बारे में मीडिया को जानकारी देने के उनके अधिकार पर भी सवाल उठाया और कहा कि असंवैधानिक और प्रोटोकॉल का गम्भीर उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में कोविड से लड़ने में राज्य सरकार की मदद करने के लिए पूरी तरह तैयार है और वह इस मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं करना चाहती। पंजाबियों की सुरक्षा सभी का प्रथम लक्ष्य है जिसके लिए पार्टी हमेशा प्रयासरत्त रहेगी। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा महामंत्री जीवन गुप्ता और डॉ. सुभाष शर्मा भी उपस्थित थे

Related Articles

Back to top button