सोहेल ने BJP नेता की कनपटी पर तमंचा सटाकर मारी गोली, मचा बवाल.. बजरंग दल और VHP एक्टिव

आगरा में बुधवार रात हरीपर्वत थाना क्षेत्र के शाह मार्केट में भाजपा नेता और व्यवसायी सुमित दिवाकर पर जानलेवा हमला हुआ। सोहेल नाम के युवक ने कान से सटाकर गोली चला दी, जो सुमित के हाथ मारने से दिशा बदल गई और छर्रे कान में लगे। भाजपा नेता इस हमले में बाल-बाल बच गए।
शाह मार्केट में अंडा खाते समय हुआ हमला
घटना बुधवार देर रात की है। भाजपा महानगर के कार्य निर्माण विभाग के सह संयोजक सुमित दिवाकर अंडा खाने के लिए शाह मार्केट पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद तीन युवकों—सोहेल, राजा और शाहरुख ने उन्हें घेर लिया। अचानक पीछे से सोहेल ने उनके कान पर तमंचा सटा दिया और गोली चला दी। सुमित ने तुरंत प्रतिक्रिया दी, जिससे गोली की दिशा बदल गई और छर्रे उनके कान में लगे।
घायल होने के बाद खुद पहुंचे थाने
गोली लगने से लहूलुहान हुए सुमित कुछ देर बाद होश में आए और खुद थाना हरीपर्वत पहुंचे। वहां उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सुमित ने बताया कि हमलावरों के भागने के बाद लोगों ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की और फिर वह थाने पहुंचे।
हमला पूर्व नियोजित, पुरानी रंजिश का शक
भाजपा नेता ने बताया कि हमलावर विशेष समुदाय से ताल्लुक रखते हैं और उनका पहले से विवाद चल रहा था। सोहेल के मामा चांद ने दो महीने पहले सुमित को जान से मारने की धमकी दी थी। यह मामला भी थाना हरीपर्वत में दर्ज है। उस वक्त दो आरोपियों को शांतिभंग में पकड़ा गया था लेकिन चांद फरार रहा। सुमित का आरोप है कि चांद के कहने पर ही यह हमला करवाया गया।
राजनीति से जुड़ाव को लेकर टारगेटिंग
सुमित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि बजरंग दल के एक कार्यकर्ता सोनू से हुए झगड़े में उन्होंने उसका साथ दिया था। उसी समय से वे हमलावरों के निशाने पर थे। चांद ने उन्हें फोन पर धमकी दी थी कि वह कई मर्डर कर चुका है और इस मामले से दूर रहे वरना अंजाम भुगतना पड़ेगा।
अवैध कब्जे पर भी उठाए सवाल
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि हमलावर जज कंपाउंड के पास सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान बना चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस पूरे इलाके की जांच कराई जाए कि ये लोग कौन हैं और कहां से आए हैं। बताया जा रहा है कि वहां करीब 15–20 अवैध निर्माण हो चुके हैं।
पुलिस का बयान: एफआईआर दर्ज, आरोपी जल्द गिरफ्त में
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि मामले में देर रात ही एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।



