भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी है भाजपा सरकार: कौल सिंह

धर्मशाला। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह, पूर्व मंत्री जीएस बाली, पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर, चंद्र कुमार सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने आज भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल भ्रष्टाचार के दलदल में फंस चुका है।

गुरुवार को यहां में पत्रकार वार्ता में ठाकुर कौल सिंह ने मुख्यमंत्री और जल शक्ति मंत्री व स्वास्थ्य मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि जल शक्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग में कई बड़े घोटाले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग में टेंडर होने से पहले ही पाइपों की खरीद की जा रही है तो स्वास्थ्य महकमे में सात रुपये के मास्क 16 में खरीदे गए हैं। उन्होंने कहा कि ऑक्सीमीटर खरीद में भी बड़ा घोटाला हुआ है। इसके लिए कोविड काल में हुई खरीद की जांच करवाई जाए। सिंह ने कहा कि सरकार के मंत्री भू-माफिया बन गए हैं। भूमि खरीद फरोख्त बड़े स्तर पर चल रही है। खनन माफिया भी सरकार में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने 3 वर्ष के कार्यकाल में ही 50 फीसदी से अधिक बस किराया बढ़ा दिया है। जनता पर कई तरह के बोझ लाद दिए हैं। इन्वेस्टर मीट के नाम पर जयराम सरकार ने करोड़ों रुपए खर्चे, लेकिन धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। कौल सिंह ने कहा कि कांगड़ा के मंत्री अपने काम में लगे हुए हैं और जिला का विकास पूरी तरह से ठप पड़ा है।
पूर्व सांसद एवं महिला कांग्रेसनेत्री विप्लव ठाकुर ने सरकार पर कई सवाल खड़े करते हुए कहा कि मोदी सरकार में महिलाओं के हित सुरक्षित नहीं है। कानून व्यवस्था की स्थिति दयनीय है। अराजकता का माहौल हो गया है। उन्होंने मोदी सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जो देश भारत के मित्र देश थे अब वह भी विरोधी हो गए हैं, यह बड़ी चिंता का विषय है। पूर्व मंत्री जीएस बाली ने कहा कि कांग्रेसी एकजुट हैं और प्रदेशभर के तमाम बड़े नेता इकट्ठे होकर अब भाजपा सरकार के खिलाफ खड़े हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का राजस्व बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। 60 हजार करोड़ से अधिक का कर्जा प्रदेश पर हो गया है। उन्होंने कहा कि पठानकोट मंडी फोरलेन और दोनों बड़े सड़क मार्ग प्रदेश सरकार की नाकामी के चलते हाथ से चले गए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांगड़ा से भेदभाव हो रहा है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद चंद्र कुमार ने भी केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पठानकोट जोगिंदरनगर रेल लाइन पर दोनों सरकारों ने जनता को गुमराह किया है। आज तक कुछ नहीं हो पाया है।

Related Articles

Back to top button