फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर को बीजेपी ने भाजपा किसान मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी भारी भरकम टीम घोषित की है। अपनी इस 69 सदस्यीय टीम में नड्डा ने उत्तर प्रदेश को भी खासी तव्वजो दी है। इस टीम में उत्तर प्रदेश से 11 लोगों को जगह मिली है। वही फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर को पार्टी नेतृत्व ने भाजपा किसान मोर्चा की जिम्मेदारी दी है। उन्हें मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। किसान परिवार से जुड़े राजकुमार चाहर पूर्व में भी मोर्चा से जुड़े रहे हैं। वह 1996 से 2000 तक किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे। 2007 से 2009 तक मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व संभाला। वर्तमान में मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं।

1992 से 1996 तक भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी रहे। चाहर 2007 में फतेहपुर सीकरी सीट से भाजपा के टिकट व 2012 में किसान सेना के सहयोग से निर्दलीय चुनाव लड़े। दोनों ही चुनाव में पराजित रहे। 2019 में भाजपा ने फतेहपुर सीकरी सीट से संसदीय चुनाव में उतारा। इसमें चाहर ने जीत हासिल की।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की घोषित की गई केंद्रीय टीम के सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुझे आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि नई केंद्रीय टीम के सभी सदस्य अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति एवं मजबूत संकल्प के साथ संगठन के निर्माण में नए आयाम स्थापित करेगें।

Related Articles

Back to top button