बुलंदशहर में प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान, जानिए गठबंधन को लेकर क्या कहा

बुलंदशहर. यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने बुलंदशहर (Bulandshahar) में बड़ा ऐलान किया. प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव में किसी से भी गठबंधन नहीं करेगी और अकेले दम पर चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने कहा कि आजादी का मतलब सत्ताधारी दल नहीं जान सकते हैं जिस देश को अपनी बलिदान से नेहरू, पटेल समेत तमाम क्रांतिकारियों ने दिलाई. उसका मतलब सत्ताधारी दल भूल गए हैं, भाजपा को आजाद भारत की कमान बिना संघर्ष के मिली है. प्रियंका ने रविवार को अनूपशहर के डिग्री कॉलेज में प्रतिज्ञा सम्मेलन, लक्ष्य 2022 की शुरुआत की, जिसमें 14 जिलों के हजारों पदाधिकारियों के साथ संवाद किया.

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे करो या मरो का नारा रहा है आज एक बार फिर मैं आपसे यही नारा दोहराने को कहती हूं, चुनावों में तीन महीने का ही वक़्त रह गया है, ऐसे में बिना डरे संगठन को मजबूत करने और संगठन में कार्यकर्ताओं को बढ़ाने के कार्यक्रम में जुट जाओ. हर घर जाकर पार्टी के संकल्पों के बारे में लोगों को बताओ उन्हें अपने साथ जोड़ो, अगले 2 महीने का लक्ष्य बताते हुए प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठन के प्रसार के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल करने के लिए कहा.

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के पदाधिकारियों से कहा कि कांग्रेस अपने बूते ही सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी जिसमें 40% फीसदी सीटों पर टिकट महिलाओं को दी जाएगी, इस दौरान प्रियंका गांधी ने विपक्षी दलों सपा और बसपा पर निशाना साधाते हुए कहा कि यूपी में जमीनी स्तर पर न सपा लड़ रही है और ना ही बसपा, सिर्फ कांग्रेस लड़ ही रही है. पार्टी कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए प्रियंका ने कहा कि कोरोना महामारी हो या कोई और आपदा कांग्रेसी कार्यकर्ता ही जनता की मदद करने में आगे रहे. प्रियंका गांधी ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि जो आजादी के लिए नहीं लड़े वे आजादी का सम्मान नहीं कर सकते और वे आजादी की अहमियत नहीं समझ पा रहे हैं.

Related Articles

Back to top button