भोपाल : स्टार प्रचारकों की सूची से नकुल नाथ का बाहर होना कांग्रेस में घमासान का संकेत : राहुल कोठारी

भोपाल। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के उपचुनावों के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। प्रदेश में युवाओं का नेतृत्व करने का दावा करने वाले एकमात्र लोकसभा सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ का स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर होना कहीं घर में घमासान के संकेत तो नहीं हैं। सूची में पहले नंबर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम है। राहुल गांधी प्रदेश की जनता का सामना किस मुंह से करेंगे। इन्होंने ही 10 दिनों में प्रदेश के किसानों का 2 लाख तक का कर्जा माफ करने का वादा किया था, लेकिन आज तक हो नहीं पाया। क्या कांग्रेस ने राहुल गांधी को उनकी मर्जी से स्टार प्रचारकों की सूची में रखा है या मनमर्जी से उनका नाम शामिल कर दिया। कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों में सोनिया गांधी को भी नहीं रखा है। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी ने कांग्रेस द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूचनी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

प्रवक्ता राहुल कोठारी ने कहा कि कांग्रेस ने जिन आयातित मुख्यमंत्रियों भूपेश बघेल, अशोक गेहलोत को स्टार प्रचारक बनाया है वे अपने राज्यों में तो स्थितियां बेहतर कर नहीं पाए और मध्यप्रदेश में आकर जनता को क्या भरोसा दिलाएंगे कि मध्यप्रदेश में उनका भला होगा। कमलनाथ ने उन दिग्विजय सिंह को भी स्टार प्रचारक बनाया है, जिनसे वे खुद ही दूर भाग रहे हैं। उन्हें चुनाव में कोई जिम्मेदारी नहीं दी है। कोठारी ने कहा कि कांग्रेस के तीन कार्यकारी अध्यक्ष भी स्टार प्रचारकों की सूची से गायब हैं। इससे लगता है कि कांग्रेस को अपने कार्यकारी अध्यक्ष बाला बच्चन, रामनिवास रावत और सुरेंद्र चौधरी पर भी विश्वास नहीं है।

Related Articles

Back to top button