Bihar: एक ही सड़क का 2 बार शिलान्यास, पहले JDU विधायक, फिर 3 घंटे बाद RJD MLA

भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के कंवरा गांव में एक ही सड़क का शिलान्यास दो अलग-अलग दलों के नेताओं ने महज तीन घंटे के अंतराल पर कर दिया। खास बात यह है कि दोनों शिलापट्ट एक-दूसरे से केवल 15 फीट की दूरी पर लगाए गए और दोनों पर योजना का नाम व अनुमानित लागत राशि अलग-अलग दर्ज है। इस घटना ने न केवल ग्रामीणों को हैरान किया है बल्कि प्रशासन के सामने भी मुश्किल खड़ी कर दी है।

सुबह 8 बजे MLC ने किया पहला शिलान्यास

सोमवार सुबह करीब 8 बजे जदयू के एमएलसी श्री भगवान सिंह कुशवाहा कंवरा गांव पहुंचे। उन्होंने शिवजी सिंह के घर से करिया राम के घर होते हुए दलित टोला तक पीसीसी सड़क के निर्माण का शिलान्यास किया। इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹10 लाख 83 हजार 800 रुपये बताई गई। शिलान्यास के बाद ईंट और सीमेंट भी गिरना शुरू हो गया था।

सुबह 11 बजे विधायक ने रखी दूसरी आधारशिला

पहले शिलान्यास के तीन घंटे बाद राजद विधायक राम विशुन लोहिया भी अपने समर्थकों के साथ उसी गांव पहुंचे। उन्होंने हीरा सिंह के घर से बबन राम (महादलित मुहल्ला) के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास कर दिया। इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹8 लाख 70 हजार 100 रुपये दर्ज की गई। ग्रामीणों के मुताबिक, यह वही सड़क है जिसका शिलान्यास सुबह एमएलसी द्वारा किया गया था।

स्थानीय मुखिया पति बोले- सड़क एक ही है

कंवरा गांव की मुखिया मुन्नी देवी के पति हरेराम सिंह ने साफ कहा कि दोनों नेताओं ने जिस सड़क का शिलान्यास किया, वह एक ही सड़क है। सिर्फ योजनाओं के नाम और लागत राशि अलग-अलग लिखी गई है। यही वजह है कि अब विवाद गहराता दिख रहा है और एक योजना के स्थगित होने की आशंका जताई जा रही है।

इंजीनियरिंग विभाग ने भी मानी गड़बड़ी

जगदीशपुर के लोकल एरिया इंजीनियरिंग ऑर्गेनाइजेशन-2 के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर ने माना कि सड़क वास्तव में एक ही है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग जूनियर इंजीनियरों की वजह से दो योजनाएं खुल गईं। एक योजना में सड़क की लंबाई अधिक दिखाई गई है। अब इस मामले में जिला योजना पदाधिकारी से मार्गदर्शन मांगा जाएगा।

राजद विधायक का दावा- दो साल पहले लिखा था पत्र

राजद विधायक राम विशुन सिंह लोहिया ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए उन्होंने दो साल पहले ही विभाग को लेटर लिखा था। 17 जून को प्रशासनिक स्वीकृति मिली और अंचलाधिकारी से एनओसी भी ली गई। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान मुखिया पति हरेराम सिंह की ओर से सड़क बनवाने का प्रस्ताव भी दिया गया था। विधायक ने कहा कि यह सड़क खाता नंबर 126 और खेसरा 4003 के अंतर्गत आती है, जिसका रकवा 48 डिसमिल है।

ग्रामीणों की नाराज़गी और बयान

ग्रामीण चंदेश्वर सिंह ने बताया कि जब विधायक ने शिलान्यास किया तो ग्रामीणों ने उनसे कहा कि सड़क का शिलान्यास पहले ही हो चुका है। बेहतर होता कि वे गांव के दूसरे इलाके में सड़क बनवाते। लेकिन उन्होंने इस बात को नज़रअंदाज़ करते हुए वही सड़क दोबारा शिलान्यास कर दी।
दूसरे ग्रामीण बबलू सिंह ने कहा कि यह सड़क रविदास मुहल्ले तक जाती है और वर्षों से वंचित व दलित समाज की मांग रही है। उन्होंने बताया कि कई सालों की कोशिशों और आवश्यक कागजी प्रक्रिया के बाद MLC श्री भगवान सिंह कुशवाहा ने शिलान्यास किया था, लेकिन विधायक ने उसी सड़क का दोबारा उद्घाटन कर दिया।

Related Articles

Back to top button