भागलपुर : दुष्‍कर्म व ब्‍लैकमेल करने के आरोप में ट्रेनी DSP गिरफ्तार

भागलपुर। दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने के आरोप में प्रशिक्षु डीएसपी सोमेश मिश्रा को भागलपुर पुलिस ने झारखंड के साहेबगंज से गिरफ्तार कर लिया है। तातारपुर क्षेत्र की रहने वाली लड़की ने महिला थाने में इसी साल 20 मार्च को सोमेश के खिलाफ केस दर्ज कराया था। महिला थानाध्यक्ष रीता कुमारी ने बताया कि लड़की प्रशिक्षु डीएसपी की रिश्तेदार है। सोमेश मूल रूप से गोड्डा का रहने वाला है। उसके पिता साहेबगंज में रेलवे में जॉब करते हैं। रेलवे क्वार्टर से ही उसे गिरफ्तार किया गया है।

लड़की ने आरोप लगाया था कि सोमेश दिल्ली में रह रहा था, उसी समय उसे अपने पास बुलाया था। वहां उसके साथ गलत किया और उसका वीडियो बना लिया। उस वीडियो को लेकर वह ब्लैकमेल कर रहा था। उसके बाद लड़की की शादी हो गयी। वह कोलकाता में जॉब कर रही है। सोमेश वहां भी उसे धमकी देने के लिए पहुंच गया। लड़की ने इसकी शिकायत भी पुलिस से की थी।

पुलिस मुख्यालय पहले ही कर चुका है सस्पेंड
प्रशिक्षु डीएसपी सोमेश मिश्रा के इस करतूत की बात तब सामने आयी जब उसकी रिश्तेदार ने ही उसपर आरोप लगाकर केस किया। उसके बाद पुलिस मुख्यालय स्तर से इसकी जांच की गयी। लड़की के आरोप को सही पाया गया। इसके बाद सोमेश को सस्पेंड कर दिया गया। महिला थाने में दर्ज केस की जांच पुलिस कर रही थी। भागलपुर पुलिस ने भी अनुसंधान में प्रशिक्षु डीएसपी पर लगे आरोपों को सही पाया, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी हुई।

Related Articles

Back to top button