आर्यन खान से देर रात पूछताछ, इस बार NCB दफ्तर में बीता बर्थडे

मुंबई क्रूज पार्टी ड्रग केस में फंसे बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान का कल यानी शुक्रवार को जन्मदिन था। मगर इस बार आर्यन खान अपना जन्मदिन सही से सेलिब्रेट नहीं कर पाए। पिछले साल जहां आर्यन खान ने अपना बर्थडे दुबई में मनाया था, वहीं इस साल हालात ऐसे बदले कि उन्हें अपने जन्मदिन पर करीब 6 घंटे से अधिक समय तक एनसीबी दफ्तर में ही रहना पड़ा। दरअसल, आर्यन खान मुंबई तट के पास एक क्रूज पोत से कथित तौर पर ड्रग्स बरामद होने के मामले की जांच कर रहे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष शुक्रवार शाम पेश हुए और उनका बयान दर्ज किया जा रहा है।

सूत्रों ने कहा कि आर्यन खान शाम में एनसीबी दफ्तर पहुंचे थे और करीब छह घंटे की पूछताछ के बाद वह रात साढ़े ग्यारह के बाद वापस मन्नत लौटे थे। आर्यन खान बंबई हाईकोर्ट के निर्देशानुसार शुक्रवार को दोपहर में मुंबई स्थित एनसीबी के दक्षिण मुंबई कार्यालय पहुंचे थे। अदालत ने पिछले महीने उनकी जमानत याचिका मंजूर करते हुए उनसे हर शुक्रवार को एनसीबी के समक्ष पेश होने को कहा था।

सूत्रों ने बताया कि बाद में वह एनसीबी के उप महानिदेशक संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में शाम में नवी मुंबई में एसआईटी के समक्ष पेश हुए। उन्होंने बताया कि आर्यन का बयान नवी मुंबई में दर्ज किया गया। एसआईटी क्रूज पोत पर कथित रूप से मादक पदार्थ मिलने समेत कम से कम छह मामलों की जांच कर रही है। इंडिया टुडे के मुताबिक, पिछले साल आर्यन खान का जन्मदिन दुबई में मना था, मगर इस बार ड्रग केस में फंसे होने की वजह से कोई समारोह नहीं हो पाया।

एनसीबी ने मुंबई के समुद्र तट के पास एक क्रूज पोत पर दो अक्टूबर को छापा मारा था और उसने वहां से मादक पदार्थ जब्त किए जाने का दावा किया था। छापेमारी के दौरान आर्यन और कई अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था। विशेष जांच दल पिछले सप्ताह दिल्ली से यहां पहुंचा। उसने एनसीबी के अधिकारियों पर रिश्वतखोरी के आरोप लगाने वाले प्रभाकर सैल समेत कुछ अहम गवाहों के बयान दर्ज किए हैं।

Related Articles

Back to top button