सभी दल मिलकर करें सुनिश्चित कि बलात्कार के मामलों में जल्द न्याय हो : निर्मला

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अलग-अलग राज्यों में हो रही बलात्कार की घटनाओं के बीच कहा है कि सभी राजनीतिक दलों को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि ऐसे मामलों में प्रशासन तेजी से कार्रवाई करे और बलात्कार के मामालों में समय से न्याय मिले।

भाजपा की वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कांग्रेस पर दोमुंहापन का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब के होशियारपुर जिले के टांडा में हुए बलात्कार मामले पर भाई-बहन की जोड़ी मुंह क्यों नहीं खोल रही। उनका इशारा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की ओर था। निर्मला ने कहा कि टांडा हो या राजस्थान इन जगहों पर हुई बलात्कार की घटना के बाद कांग्रेस के ये दोनों नेता पीड़िता से मिलने क्यों नहीं गए।

सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस को अपने शासित राज्यों नें भी ऐसी घटनाओं पर वही आक्रोश दिखाना चाहिए जो अन्य दलों के शासित राज्यों में वह प्रदर्शित कर रही। किंतु ऐसा वह नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि टांडा और राजस्थान में हुई घटनाओं पर राहुल या प्रियंका ने कोई ट्वीट नहीं किया, एक शब्द नहीं किया और न ही राजनीतिक पिकनिक के लिए गए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को सामने आकर जवाब देना चाहिए कि क्या इस तरह का दोमुंहापन उनके दल को शोभा देता है। निर्मला ने कहा कि भाजपा न्याय के लिए खड़ी होगी और यह सुनिश्चित करेगी कि पीडित परिवार को समय पर न्याय मिले।

Related Articles

Back to top button