नेता जी के करीबी नेता मुलायम सिंह यादव का हुआ निधन, अखिलेश यादव ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के औरैया के वरिष्ठ समाजवादी नेता और पूर्व एमएलसी मुलायम सिंह यादव का शनिवार रात को उनके पैतृक गांव ककोर के कढोरे का पुरवा में निधन हो गया। वह 92 साल के थे, वर्ष 1949 में 21 साल की उम्र में वह अपने गांव के सरपंच चुने गए थे। इसके बाद 15 वर्षों तक ब्लॉक प्रमुख  और करीब 20 वर्षों तक लगातार विधान परिषद सदस्य रहे। मुलायम सिंह यादव पूर्व सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के बेहद नजदीकी रहे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि भी दी है।

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा है कि “नेता जी के पुराने साथी और उनके ही नामरूप श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि!”

बता दें कि मुलायम सिंह यादव सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी माने जाते थे। मुलायम सिंह यादव 1949 में गांव के सरपंच बने और लगातार पांच बार वह इस पद पर चुने गए। 1973 से 1988 तक वे भाग्यनगर के ब्लाक प्रमुख रहे और फिर 1990 में पहली बार विधान परिषद के लिए चुने गए। वर्ष 2010 तक लगातार वह स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के सदस्य रहे।

वहीं उनके पौत्र गौरव यादव ने बताया कि हाल ही में वह स्वास्थ्य लाभ लेकर कानपुर के अस्पताल से घर लौटे थे, लेकिन तबियत फिर बिगड़ गई। पार्टी नेतृत्व ने उनके निधन पर परिवार को शोक संदेश भेजा है।

वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि वे आजीवन किसान, गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों की आवाज उठाते रहे। उनका शहर में कोई अपना मकान नहीं है। वे पूरी जिंदगी गांव में ही सादगी का जीवन जिए। वे आजीवन समाजवादी विचाराधारा के प्रति समर्पित रहे। उनके निधन से पार्टी को अपूरर्णीय क्षति हुई है।

Related Articles

Back to top button