बड़ी खबर: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर PCS अधिकारी की मौत, बस चालक की 1 गलती से गई ACM की जान!

आगरा के एडिशनल सिटी मजिस्ट्रेट (ACM) राजेश जायसवाल की शुक्रवार सुबह मैनपुरी में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर माइल स्टोन-77 के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। PCS अफसर लखनऊ से क्रेटा कार से आगरा लौट रहे थे।
रोडवेज बस से टकराई कार
जानकारी के अनुसार, पीछे से आई रोडवेज बस ने अचानक ओवरटेक कर कट मार दिया। इसके बाद कार का बोनट बस के पिछले हिस्से से टकरा गया और बुरी तरह डैमेज हो गया। हादसे के बाद ACM और उनके ड्राइवर को सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ACM को मृत घोषित कर दिया। वहीं ड्राइवर की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के समय पीछे की सीट पर थे ACM
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजेश जायसवाल हादसे के वक्त पीछे की सीट पर बैठे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे आगे और पीछे की सीट के बीच दब गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
मूल रूप से देवरिया के रहने वाले थे राजेश जायसवाल
PCS अफसर राजेश जायसवाल मूल रूप से देवरिया के रहने वाले थे। उनका परिवार लखनऊ में रहता है जबकि वे खुद आगरा डीएम कंपाउंड में रहते थे। वे कामकाज के सिलसिले में अक्सर लखनऊ आते-जाते थे। इससे पहले वे आगरा की किरावली तहसील में एसडीएम के पद पर भी रह चुके थे।
ड्राइवर का बयान
ड्राइवर पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी कार करहल के पास ओवरटेक लेन पर थी। तभी पीछे से रोडवेज बस ने अचानक लेन बदलते हुए कट मारा और उसका पिछला हिस्सा कार से टकरा गया। ड्राइवर ने बताया कि हादसे के बाद ACM ने अपनी पत्नी से फोन पर बात भी की थी, लेकिन थोड़ी देर बाद उनकी हालत बिगड़ गई और सैफई में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यूपीडा की कार्रवाई
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह ने बताया कि लखनऊ कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली। दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया।



