AAP में बड़ा बदलाव: राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल बने राज्यसभा के डिप्टी लीडर
AAP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को जिम्मेदारी डेटा अधिकारों पर चड्ढा की आवाज बनी चर्चा

आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। पार्टी ने Raghav Chadha को डिप्टी लीडर पद से हटाकर उनकी जगह Ashok Mittal को नियुक्त करने का फैसला लिया है। इस संबंध में पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को औपचारिक पत्र भी भेज दिया है। पार्टी की ओर से इसे एक रूटीन प्रक्रिया बताया जा रहा है। अशोक मित्तल, जो पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं, अब सदन में AAP के नए डिप्टी लीडर होंगे। इससे पहले यह जिम्मेदारी एनडी गुप्ता संभाल चुके हैं। वहीं, सूत्रों के मुताबिक राघव चड्ढा इस मामले में राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में राघव चड्ढा ने राज्यसभा में आम जनता से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए हैं, जिनकी काफी चर्चा भी हुई। खासतौर पर उन्होंने मोबाइल डेटा से जुड़े उपभोक्ता अधिकारों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था।
डेटा रोलओवर का मुद्दा उठाया
राघव चड्ढा ने कहा था कि मोबाइल प्लान में मिलने वाला रोजाना डेटा अगर पूरा इस्तेमाल नहीं होता है, तो उसे आगे इस्तेमाल करने की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने इसे सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ा मामला बताया।
रात 12 बजे डेटा खत्म होने पर सवाल
उन्होंने राज्यसभा में यह भी सवाल उठाया कि रोजाना मिलने वाला डेटा रात 12 बजे खत्म हो जाता है, जबकि उपभोक्ता उसका पूरा पैसा चुका चुका होता है। ऐसे में बचा हुआ डेटा खत्म हो जाना उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है।
‘डिजिटल संपत्ति’ बनाने की मांग
राघव चड्ढा ने मांग की थी कि बचे हुए डेटा को ‘डिजिटल संपत्ति’ माना जाए और उसे आगे ट्रांसफर या एडजस्ट करने की सुविधा दी जाए। उनका कहना था कि जैसे बिजली के लिए उतनी ही कीमत ली जाती है जितनी खपत होती है, वैसे ही डेटा के मामले में भी होना चाहिए।



