ओवैसी ने खामेनेई की हत्या की निंदा की, बोले- तेल महंगा हुआ तो भारत पर पड़ेगा असर
खामेनेई की हत्या पर ओवैसी का तीखा बयान तेल की कीमतें बढ़ीं तो भारत की अर्थव्यवस्था पर असर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से वैश्विक चिंता

हैदराबाद में Asaduddin Owaisi ने ईरान के सर्वोच्च नेता Ali Khamenei की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने अमेरिका और इजरायल के हमले को “कायरतापूर्ण और अमानवीय” बताया। ओवैसी ने कहा कि जब जेनेवा में शांति वार्ता चल रही थी, उसी दौरान हमला किया गया। उनका कहना है कि अगर यह जंग लंबी चली तो तेल की कीमतों में उछाल आएगा और इसका सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम में 1 डॉलर का फर्क भी भारत जैसे देश के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
“युद्ध कभी समाधान नहीं”, एएमयू के स्कॉलर की अपील
इस पूरे घटनाक्रम पर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के स्कॉलर रेहान अख्तर कासमी ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी युद्ध में सबसे ज्यादा नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ता है। कासमी ने कहा, “चाहे रूस-यूक्रेन का युद्ध हो या अफगानिस्तान की स्थिति, इतिहास गवाह है कि जंग कभी स्थायी समाधान नहीं देती।” उन्होंने भारत सरकार से शांति की पहल करने की अपील की और कहा कि देश की लीडरशिप को आगे आकर युद्ध रोकने की कोशिश करनी चाहिए।
इजरायल का ‘ऑपरेशन रोअरिंग लायन’
इस बीच Israel Defense Forces (IDF) ने ईरान पर किए गए हवाई हमलों का वीडियो जारी किया है। इजरायल ने इस सैन्य कार्रवाई को ‘ऑपरेशन रोअरिंग लायन’ नाम दिया है। IDF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि ईरान के “दिल” यानी तेहरान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हमले में ईरानी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की भी मौत हुई है। जवाब में ईरान ने इजरायल के साथ-साथ खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। इससे पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है।



