‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर बवाल, संभल से मैनपुरी तक विरोध प्रदर्शन
‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर यूपी में बढ़ा विवाद संभल, मैनपुरी और फिरोजाबाद में विरोध प्रदर्शन निर्माता, निर्देशक समेत 4 के खिलाफ FIR दर्ज

संभल (उत्तर प्रदेश): भारतीय मनोरंजन जगत में फिल्मों के नाम और उनकी कहानियों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर ब्राह्मण समाज की नाराजगी सुर्खियों में थी, और अब उत्तर प्रदेश के संभल जिले में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म की विषयवस्तु को लेकर यादव समाज ने कड़ा विरोध जताते हुए इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। संभल के साथ-साथ मैनपुरी और फिरोजाबाद जैसे जिलों में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं।
विरोध के बाद FIR दर्ज
फिल्म के खिलाफ बढ़ते विरोध के बीच अब निर्माता, निर्देशक और कलाकारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर फिल्म निर्माता संदीप तौमर, निर्देशक अंकित भडाना, अभिनेत्री प्रगति तिवारी और अभिनेता बिनाल मोहन समेत चार लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 253(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। मैनपुरी में यादव महासभा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए फिल्म की रिलीज रोकने की मांग की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। वहीं फिरोजाबाद में भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
क्या है विवाद की वजह?
बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी में यादव समाज के एक युवक और मुस्लिम लड़की के बीच प्रेम संबंध को दिखाया गया है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि इस तरह का चित्रण उनके समुदाय की छवि को खराब करता है और उनकी भावनाओं को आहत करता है। समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि फिल्म का शीर्षक और इसकी कहानी जानबूझकर एक विशेष समुदाय को निशाना बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। उनका कहना है कि ऐसी कहानियां सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को प्रभावित कर सकती हैं।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और अब सबकी नजर इस बात पर है कि फिल्म की रिलीज पर रोक लगती है या नहीं।



