सलीम खान का अस्पताल में इलाज, डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में
जाने-माने स्क्रीनराइटर सलीम खान को लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती किया गया डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है परिवार और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य अपडेट लेने पहुंचे

मुंबई: जाने-माने स्क्रीनराइटर और बॉलीवुड आइकॉन सलीम खान को 17 फरवरी की सुबह मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। फिलहाल यह साफ नहीं है कि उन्हें किस वजह से भर्ती किया गया, लेकिन उनके डॉक्टर ने उनकी हेल्थ को लेकर अपडेट साझा किया है।
डॉक्टर का कहना
सलीम खान का इलाज कर रहे डॉ. जलील पारकर ने बताया कि, “सभी को नमस्ते! हां, यह सच है कि मिस्टर सलीम खान को सुबह 8:30 बजे लीलावती हॉस्पिटल के ICU में भर्ती किया गया। उन्हें उनके फैमिली डॉक्टर डॉ. संदीप चोपड़ा इमरजेंसी में लाए थे। इमरजेंसी में तत्काल इलाज शुरू किया गया और उन्हें इंटेंसिव केयर में शिफ्ट किया गया। उनकी देखरेख में डॉ. विनय चव्हाण (न्यूरोलॉजिस्ट), डॉ. अजीत मेनन (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. नितिन डांगे (न्यूरोसर्जन) और डॉ. बिनीत अहलूवालिया की टीम उनका इलाज कर रही है।”
हेल्थ बुलेटिन कब मिलेगा
डॉक्टर जलील ने आगे कहा कि, “रिश्तेदारों की गोपनीयता का सम्मान करते हुए आज और जानकारी साझा नहीं की जा रही। कल सुबह 11 बजे रिश्तेदारों की सहमति से एक प्रेस बुलेटिन जारी किया जाएगा। फिलहाल वह स्टेबल हैं और उनके क्लिनिकल स्टेटस पर लगातार नजर रखी जा रही है।”
अस्पताल पहुंचे परिवार के लोग
लीलावती हॉस्पिटल के बाहर आज सुबह सलमान खान को देखा गया। भारी सिक्योरिटी के बीच वह सीधे अपनी गाड़ी की ओर चले गए और मीडिया से बातचीत नहीं की। इसके बाद लगातार परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। सलमा खान, हेलेन, अरबाज खान अपनी पत्नी शूरा खान के साथ। मलाइका-अरबाज़ के बेटे अरहान खान, अलवीरा अग्निहोत्री अपने पति अतुल अग्निहोत्री के साथ, आयुष शर्मा (सलीम खान के दामाद और अर्पिता खान के पति)। सभी परिवार के लोग सलीम खान की सेहत की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे।



