बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी, 10 करोड़ की रंगदारी मांगी
बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी 10 करोड़ की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी मोहाली पुलिस ने शुरू की जांच

B praak news: देश के मशहूर बॉलीवुड और पंजाबी सिंगर बी प्राक को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई है। गैंग ने बी प्राक से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। यह धमकी सीधे बी प्राक को नहीं, बल्कि उनके करीबी और पंजाबी सिंगर दिलनूर को फोन कॉल के जरिए दी गई। गैंग की ओर से दिलनूर को कॉल कर कहा गया कि बी प्राक को यह मैसेज पहुंचा दिया जाए कि अगर एक हफ्ते के भीतर 10 करोड़ रुपये नहीं दिए गए, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस मामले में मोहाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
कॉलर ने खुद को बताया आरजू बिश्नोई
धमकी भरे कॉल करने वाले ने खुद का नाम आरजू बिश्नोई बताया है और दावा किया है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। धमकी में साफ शब्दों में कहा गया: “10 करोड़ रुपये दो, नहीं तो मिट्टी में मिला देंगे।”
कैसे सामने आया पूरा मामला?
दिलनूर द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, 5 जनवरी को उन्हें एक विदेशी नंबर से दो मिस्ड कॉल आए, जिनका उन्होंने जवाब नहीं दिया। 6 जनवरी को एक अन्य विदेशी नंबर से कॉल आया। बातचीत संदिग्ध लगने पर दिलनूर ने कॉल काट दी। इसके तुरंत बाद उनके मोबाइल पर एक वॉइस मैसेज आया, जिसमें बी प्राक को जान से मारने और 10 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी दी गई। ऑडियो मैसेज में कहा गया कि अगर एक हफ्ते के अंदर पैसे नहीं दिए गए, तो बी प्राक को गंभीर नुकसान पहुंचाया जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहाली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉल और वॉइस मैसेज की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि धमकी देने वाले की पहचान की जा सके।
कौन है लॉरेंस बिश्नोई?
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई देश का कुख्यात गैंगस्टर है, जो इस समय जेल में बंद है, लेकिन वहीं से अपना नेटवर्क ऑपरेट करता है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आ चुका है।



