तेज प्रताप यादव ने जान को खतरा बताया, पूर्व पार्टी प्रवक्ता पर धमकी का आरोप

जन शक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपनी जान को खतरा बताया पार्टी से निष्कासित प्रवक्ता संतोष रेनू यादव पर धमकी देने का आरोप पटना सचिवालय थाने में शिकायत, गृह मंत्री से सुरक्षा की मांग

Tej pratap yadav: जन शक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पार्टी से निष्कासित किए गए राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष रेनू यादव पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में तेज प्रताप यादव ने पटना के सचिवालय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। तेज प्रताप यादव ने अपने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि संतोष रेनू यादव पार्टी में रहते हुए संगठन की विचारधारा के विपरीत गतिविधियों में शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि संतोष रेनू यादव पर लोगों से काम दिलाने के नाम पर पैसे लेने और धमकाकर वसूली करने के आरोप सामने आए थे। इन शिकायतों के बाद पार्टी की केंद्रीय अनुशासन समिति ने 14 दिसंबर 2025 को उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।

 

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग का आरोप

तेज प्रताप यादव का कहना है कि पार्टी से निष्कासन के बाद संतोष रेनू यादव सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और यूट्यूब पर लाइव वीडियो के जरिए उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। तेज प्रताप यादव ने अपने पत्र में कहा है कि इस तरह की धमकियां किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं और इससे उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की अपील की है।

Related Articles

Back to top button