BJP को मिला नया प्रदेश अध्यक्ष, संजय सरावगी को सौंपी गई बिहार की कमान
दरभंगा शहर से विधायक संजय सरावगी बने बिहार बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष लगातार छह बार विधायक रह चुके हैं, संगठन और सरकार दोनों में लंबा अनुभव राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रह चुके सरावगी को पार्टी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी ने बिहार संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए दरभंगा शहर से विधायक संजय सरावगी को प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल की जगह लेंगे। यह नियुक्ति सोमवार, 15 दिसंबर 2025 को की गई।
लगातार छह बार के विधायक हैं संजय सरावगी
संजय सरावगी दरभंगा शहर विधानसभा सीट से बीजेपी के सबसे मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं। वे साल 2005 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2005 (फरवरी), 2005 (अक्टूबर), 2010, 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने लगातार जीत दर्ज की है।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ सियासी सफर
28 अगस्त 1969 को दरभंगा में जन्मे संजय सरावगी वैश्य समाज से आते हैं। उन्होंने एमकॉम और एमबीए तक की पढ़ाई की है। छात्र जीवन के दौरान वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े रहे और वर्ष 1995 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली।
नगर निगम से विधानसभा तक का सफर
राजनीति में सक्रिय भूमिका की शुरुआत उन्होंने 2001 में दरभंगा नगर निगम भाजपा अध्यक्ष के रूप में की। 2002 में वे वार्ड संख्या 6 से पार्षद चुने गए। इसके बाद 2003 में जिला भाजपा महामंत्री बने और 2005 में पहली बार दरभंगा विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए।
मंत्री से संगठन की बड़ी जिम्मेदारी तक
संजय सरावगी 2017 में बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति के सभापति भी रह चुके हैं। फरवरी 2025 में उन्हें बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री बनाया गया था। अब पार्टी ने उन्हें संगठन की कमान सौंपते हुए प्रदेश अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी दी है। बीजेपी ने एक बार फिर बिहार में वैश्य समाज के नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर सामाजिक संतुलन का संदेश दिया है। इससे पहले दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल भी इस पद पर रह चुके हैं।



