बेगूसराय: JDU के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष निलेश कुमार की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
बेगूसराय के पीर नगर गांव में देर रात सनसनीखेज वारदात JDU के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष निलेश कुमार की गोली मारकर हत्या जमीन विवाद को बताया जा रहा है घटना की प्राथमिक वजह

बेगूसराय में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिखाई दिए। छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीर नगर गांव में देर रात बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष निलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। परिजनों के अनुसार, निलेश कुमार रात में घर के पास बने भैंस के बथान में सो रहे थे। तभी 8–9 की संख्या में आए अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। निलेश को तीन गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हथियार लहराते हुए फरार हुए अपराधी
फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे। निलेश कुमार जदयू के सक्रिय जमीनी नेता और पूर्व प्रखंड अध्यक्ष थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि वारदात में कुख्यात बदमाश ब्रजेश महतो शामिल है, जिसके ऊपर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर इश्तिहार भी चिपकाया था, लेकिन वह फरार था और इसी बीच हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।
एसपी मनीष का बयान — “जमीन विवाद की वजह से हुई हत्या”
एसपी मनीष के अनुसार यह हत्या जमीन विवाद को लेकर हुई है। डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच कर रही है और मामले में शामिल ब्रजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि 09 दिसंबर की देर रात सूचना मिली कि पीर नगर वार्ड-10 में 37 वर्षीय निलेश कुमार को सोते समय गोली मार दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
परिजनों ने खोला विवाद का पुराना इतिहास
परिजनों ने बताया कि निलेश और गांव के ही ब्रजेश कुमार के बीच 2019 से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों ने उस समय केस भी दर्ज कराया था। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (मंझौल) भी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही FSL टीम को भी सबूत इकट्ठा करने के लिए बुलाया गया है।



