बिहार: नई सरकार के बीच JDU सांसद को 10 लाख की रंगदारी मांग कर धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
सीवान की जेडीयू सांसद को रात में आया धमकी भरा कॉल 10 लाख की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच तेज की, जल्द गिरफ्तारी के संकेत

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद जहां शहर–दर–शहर अतिक्रमण पर बुलडोज़र एक्शन जारी है, वहीं एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सत्तारूढ़ जेडीयू की सीवान सांसद विजयलक्ष्मी देवी को अज्ञात नंबर से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने और जान से मारने की धमकी दी गई है।
रात 10:38 पर आया धमकी भरा कॉल, FIR दर्ज
सांसद के प्रतिनिधि मनोरंजन श्रीवास्तव ने इस घटना की शिकायत मैरवा थाने में दर्ज कराई है। FIR के मुताबिक, 3 दिसंबर की रात 10:38 बजे सांसद के मोबाइल पर फोन आया। कॉल करने वाले शख्स ने 10 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर हत्या की धमकी दी। FIR में उस मोबाइल नंबर का भी जिक्र है, जिससे कॉल किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सीवान पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इसमें असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है।
सांसद ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की
सांसद विजयलक्ष्मी देवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मैरवा थाना पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए लिखा कि जिस गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है, उसके लिए वह पुलिस टीम की आभारी हैं।
MLA को भी इसी तरह का कॉल
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि बड़हरिया के विधायक समेत अन्य पदाधिकारियों को भी इसी तरह के कॉल कर रंगदारी मांगी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।



