संसद का पहला दिन हंगामेदार, कंगना रनौत का विपक्ष पर पलटवार
सत्र की शुरुआत से ही संसद में जोरदार हंगामा SIR को लेकर विपक्ष अड़ा, लोकसभा दिनभर ठप कंगना रनौत बोलीं, विपक्ष लगातार बौखला रहा है

Parliament news: सोमवार को संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होते ही माहौल गर्मा गया। सत्र की शुरुआत से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा था कि “सदन में ड्रामा नहीं, डिलिवरी होनी चाहिए।” लेकिन विपक्ष पर इसका कोई असर नहीं दिखा और लोकसभा में हंगामा शुरू हो गया। विपक्षी दलों ने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर चर्चा की मांग करते हुए विरोध जताया। उनका कहना है कि जब तक इस मुद्दे पर चर्चा नहीं होगी, सदन चलने नहीं दिया जाएगा। लगातार शोर-शराबे के बीच स्पीकर ओम बिड़ला को कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी और आखिरकार लोकसभा को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया।
कंगना रनौत ने विपक्ष पर साधा निशाना
हंगामे के बाद भाजपा सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियां बौखला गई हैं। कंगना ने कहा: “वे जितना हारते जा रहे हैं, उतना ही बौखलाते जा रहे हैं। आज संसद बिल्कुल नहीं चली। पूरा देश देख रहा है कि विपक्ष लगातार लोगों की नजरों से गिरता जा रहा है और चुनाव दर चुनाव हार रहा है।”
विपक्ष क्या कह रहा है?
विपक्ष का आरोप है कि बिहार के बाद 9 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में हो रहे SIR का मकसद वोटर लिस्ट को सुधारना नहीं, बल्कि दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वोटरों के नाम काटना है। विपक्ष का दावा है कि यह प्रक्रिया भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए की जा रही है।
सदन की कार्यवाही दिनभर ठप
पहले ही दिन विपक्ष के भारी विरोध के कारण प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं चल सका। दो बार के स्थगन के बाद लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।



