Cyclone Storm Ditwah: दक्षिण भारत में हाई अलर्ट
दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ को लेकर हाई अलर्ट। तमिलनाडु और पुडुचेरी में स्कूल बंद और उड़ानें रद्द। भारत श्रीलंका की मदद के लिए युद्धस्तर पर जुटा।

दक्षिण भारत में एक बार फिर चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ दस्तक देने को तैयार है। इस बार इसका दहशत फैलाने वाला असर है। श्रीलंका को तबाह करने के बाद यह तूफान भारत के 4 राज्यों तक पहुंच सकता है, इसलिए पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
थाईलैंड और इंडोनेशिया में भी तबाही
साउथ-ईस्ट एशिया के तीन देशों, थाईलैंड, इंडोनेशिया और श्रीलंका, में मूसलाधार बारिश और बाढ़ की चपेट में 500 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 50 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित होकर सड़कों पर हैं। नवंबर का महीना खत्म होने वाला है, लेकिन मौसम का गदर अभी भी जारी है।
भारत के किन राज्यों की ओर बढ़ रहा तूफान
श्रीलंका में कम से कम 123 लोगों की मौत के बाद यह चक्रवात अब दक्षिण भारत की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, तूफान दित्वा उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़कर 30 नवंबर तक उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है।
तमिलनाडु में स्कूल बंद और उड़ानों पर असर
चक्रवात के चलते अगले 48 घंटों में अत्यधिक बारिश और तेज हवाओं की संभावना के कारण चेन्नई हवाई अड्डे ने 54 निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी हैं। तमिलनाडु के कई स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। चेन्नई हवाई अड्डे से प्रभावित उड़ानों में मदुरै, तिरुचिरापल्ली, थूथुकुडी, सलेम, बेंगलुरु, हैदराबाद और जाफना के लिए क्षेत्रीय टर्बोप्रॉप (ATR) उड़ानें शामिल हैं।
हवाई यात्रा पर चेतावनी
एयरलाइनों ने यात्रियों को अंतिम समय में हवाई अड्डे की यात्रा न करने की सलाह दी है। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा कि चक्रवाती हवाओं और भारी बारिश से होने वाले खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
श्रीलंका की मदद में जुटा भारत
चक्रवाती तूफान दित्वा की तबाही के बाद भारतीय नौसेना श्रीलंका वायुसेना के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान में मदद कर रही है। भारत ने श्रीलंका की मदद के लिए युद्धस्तर पर प्रयास तेज कर दिए हैं।



