बिहार चुनाव के लिए यूपी सरकार का बड़ा फैसला, बिहार मूल के कर्मियों को मिलेगा पेड लीव
उत्तर प्रदेश सरकार ने बिहार में विधानसभा चुनाव को देखते हुए बिहार मूल के सरकारी कर्मचारियों और दैनिक श्रमिकों को 6 और 11 नवंबर को सवैतनिक अवकाश देने की घोषणा की है। इससे वे अपने गृह राज्य जाकर मतदान कर सकेंगे।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने बिहार में होने वाले मतदान को ध्यान में रखते हुए बिहार निवासी राज्य कर्मियों और दैनिक वेतनभोगियों को दो दिन का पेड लीव देने का आदेश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने यह आदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध पर जारी किया। बिहार में 6 और 11 नवंबर को मतदान होना है।
हजारों कर्मियों को मिलेगा लाभ
उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में बिहार मूल के लोग सरकारी विभागों और ठेकेदारी प्रणाली में कार्यरत हैं। आदेश के बाद वे अपने गृह जिले जाकर मतदान का अधिकार निभा सकेंगे। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवकाश सवैतनिक रहेगा, यानी वेतन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
योगी आदित्यनाथ का बिहार दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिहार में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में तीन जनसभाएं करेंगे। उनका कार्यक्रम सिवान, वैशाली और भोजपुर जिलों में निर्धारित है। योगी पहले सिवान में सभा करेंगे, फिर वैशाली के लालगंज और अंत में भोजपुर के अगियांव विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम तक वे लखनऊ लौट आएंगे।
राहुल गांधी के खिलाफ परिवाद दायर
इस बीच, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ मुजफ्फरपुर में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने परिवाद दायर किया है। आरोप है कि राहुल गांधी ने छठ पर्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
11 नवंबर को होगी सुनवाई
अदालत ने परिवाद को स्वीकार करते हुए 11 नवंबर 2025 की तारीख सुनवाई के लिए तय की है। अधिवक्ता ओझा ने कहा कि राहुल गांधी के बयान ने न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई बल्कि प्रधानमंत्री के प्रति भी अमर्यादित टिप्पणी की गई।



