आईफोन-17 की लॉन्चिंग के बाद एपल की मार्केट वैल्यू 4 ट्रिलियन डॉलर पार, भारत की GDP के बराबर पहुंची


आईफोन-17 की लॉन्चिंग के बाद एपल का मार्केट कैप 4 ट्रिलियन डॉलर पार कर भारत की GDP के बराबर पहुंच गया। बिक्री में 14% वृद्धि के चलते शेयर 15% चढ़ा। तिमाही नतीजों से उम्मीदें ऊंची हैं, हालांकि AI रणनीति पर सवाल कायम हैं।

एपल इंक ने इतिहास रच दिया है। कंपनी का मार्केट कैप पहली बार 4 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब ₹353 लाख करोड़ के पार पहुंच गया है, जो भारत की GDP के लगभग बराबर है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के मुताबिक भारत की मौजूदा GDP $4.13 ट्रिलियन (₹364 लाख करोड़) है।

एनवीडिया और माइक्रोसॉफ्ट के बाद एपल दुनिया की तीसरी ऐसी कंपनी बन गई है जिसने यह आंकड़ा पार किया है। एनवीडिया $4.71 ट्रिलियन (₹415 लाख करोड़) के मार्केट कैप के साथ सबसे आगे है, जबकि माइक्रोसॉफ्ट $4.06 ट्रिलियन (₹358 लाख करोड़) के साथ दूसरे स्थान पर है।

आईफोन-17 की लॉन्चिंग के बाद शेयर में 15% उछाल

9 सितंबर को आईफोन-17 सीरीज लॉन्च होने के बाद से एपल के शेयर में 15% की तेजी आई है। 28 अक्टूबर को कारोबार के दौरान शेयर $269.87 के डे हाई पर पहुंचा, जिससे कंपनी की वैल्यूएशन पहली बार $4 ट्रिलियन पार हो गई।

हालांकि शेयर थोड़ी गिरावट के साथ $268.51 (₹23,698) पर बंद हुआ, लेकिन निवेशकों का भरोसा बरकरार है। काउंटरपॉइंट रिसर्च के अनुसार, अमेरिका और चीन में आईफोन-17 की बिक्री पिछले मॉडल से 14% अधिक रही। इसी से विश्लेषकों को उम्मीद है कि सितंबर तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर होंगे।

मजबूत तिमाही नतीजों की उम्मीद

एवरकोर ISI समेत कई ब्रोकरेज हाउस का अनुमान है कि एपल की सितंबर तिमाही और दिसंबर तिमाही दोनों में बेहतर प्रदर्शन रहेगा। अप्रैलजून तिमाही में कंपनी ने सालों का बेहतरीन प्रदर्शन किया था और सभी सेगमेंट में डबल डिजिट ग्रोथ दर्ज की थी।

AI रणनीति पर उठे सवाल

हालांकि वैल्यूएशन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची है, लेकिन कंपनी की AI रणनीति पर सवाल बने हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, एपल AI रेस में पीछे चल रही है। कंपनी ने Apple Intelligence Suite और ChatGPT इंटीग्रेशन तो पेश किया, लेकिन Siri का AI अपग्रेड अगले साल तक टल गया।

कई सीनियर AI एग्जीक्यूटिव्स मेटा में चले गए हैं। विश्लेषक जैकारेली का कहना है, “एपल की AI स्ट्रैटेजी अभी साफ नहीं है, जो स्टॉक पर दबाव बना रही है। अगर कंपनी कंज्यूमर्स के लिए कोई रोमांचक AI फीचर लेकर आती है, तो गेम बदल सकता है।

कंपनी अपने चौथी तिमाही के नतीजे 30 अक्टूबर को जारी करेगी, जो आने वाले महीनों की दिशा तय कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button