छठ पूजा के दौरान चंदौली में बड़ा हादसा, सेल्फी लेते समय नाव डूबी, 3 लोग लापता


चंदौली में छठ पूजा के दौरान नाव पलटने से छह लोग नदी में डूब गए। तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन अब भी लापता हैं। एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी है।

चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में छठ पूजा के दौरान सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक गांव में छठ घाट के पास नाव पर सवार छह लोग नदी में गिर गए। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार लोग सेल्फी ले रहे थे, तभी नाव असंतुलित होकर पलट गई। घटना के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी किनारे सूर्य को अर्घ्य दे रहे थे। अचानक चीख–पुकार मचने से पूजा का माहौल अफरा–तफरी में बदल गया।

तीन लोगों को बचाया गया, तीन अब भी लापता

स्थानीय लोगों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीन लोगों को बचा लिया गया। हालांकि, तीन लोग अब भी लापता हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। नदी में एनडीआरएफ की टीम भी तलाशी अभियान में जुट गई है। प्रशासन ने बताया कि नाव पर सवार छह लोगों में से पिंटू सोनकर (30), भंटू (20), रितेश सोनकर (22), यश (16), पीयूष (13) और अरुण (13) शामिल थे।

जांच जारी, प्रशासन ने दी सतर्कता की अपील

जिला प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पिंटू, भंटू और रितेश को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि यश, पीयूष और अरुण की तलाश जारी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि त्योहार के दौरान घाटों पर सतर्कता बरतें और असुरक्षित गतिविधियों से बचें।

Related Articles

Back to top button