ऑपरेशन SIMCARTEL: यूरोप में साइबर ठगों के महा नेटवर्क का भंडाफोड़

यूरोप की एजेंसियों ने ‘ऑपरेशन SIMCARTEL’ के तहत 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर 40 हजार सिम कार्ड और करोड़ों यूरो की ठगी का खुलासा किया। 5 करोड़ फर्जी अकाउंट्स से जुड़ा यह नेटवर्क वैश्विक स्तर पर ठगी में लिप्त था। भारतीय लिंक की जांच जारी है।

नई दिल्ली: यूरोपीय सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ‘ऑपरेशन SIMCARTEL’ के तहत लातविया में हुई कार्रवाई में 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 40,000 सिम कार्ड, 1,200 सिम बॉक्स डिवाइस, 5 सर्वर, लग्जरी कारें और लाखों यूरो व डॉलर की रकम जब्त की गई। Europol और Eurojust की अगुवाई में हुई इस जांच को यूरोप की सबसे बड़ी साइबर ठगी कार्रवाई माना जा रहा है।

5 करोड़ फर्जी अकाउंट और 26 ठिकानों पर रेड

ऑस्ट्रिया, एस्टोनिया, लातविया और फिनलैंड की एजेंसियों ने मिलकर 26 जगहों पर छापेमारी की। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क करीब 4.9 करोड़ फर्जी ऑनलाइन अकाउंट्स से जुड़ा था, जिनका इस्तेमाल सोशल मीडिया, बैंकिंग और ई–कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर ठगी के लिए किया जाता था। अपराधी दुनिया भर के नामों पर पंजीकृत फोन नंबर किराए पर देते थे, जिससे असली पहचान छिपाकर धोखाधड़ी करना आसान हो जाता था।

करोड़ों यूरो की ठगी

ऑस्ट्रिया और लातविया में इस गिरोह ने करोड़ों यूरो की ठगी को अंजाम दिया। सिर्फ ऑस्ट्रिया में लगभग 4.5 मिलियन यूरो (करीब ₹40 करोड़) और लातविया में 4.2 लाख यूरो (करीब ₹3.7 करोड़) का नुकसान दर्ज किया गया। अब तक 1700 से ज्यादा मामले ऑस्ट्रिया और 1500 मामले लातविया में सामने आ चुके हैं।

ठगी के हथकंडे

यह गिरोह ऑनलाइन सेकंड हैंड मार्केट, निवेश योजनाओं, फर्जी वेबसाइटों और व्हाट्सएप स्कैम के जरिये लोगों को निशाना बनाता था। कई बार ठग खुद को पुलिस अधिकारी बताकर रकम वसूलते थे। उनकी वेबसाइटें gogetsms.com और apisim.com पेशेवर तरीके से डिज़ाइन की गई थीं, जिन पर अब Europol का नोटिस लगा दिया गया है।

अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के ग्राहक कौन थे और क्या भारत सहित अन्य देशों में भी इसका इस्तेमाल साइबर अपराधों के लिए हुआ था। EMPACT प्लेटफॉर्म की मदद से यह पूरा ऑपरेशन सफल हुआ, जिसने कई देशों की एजेंसियों को जोड़कर इस महाठगी रैकेट का अंत किया।

Related Articles

Back to top button