बड़ी खबर: जहां से मिली CM को मारने की धमकी, उस जेल से भागे कैदी.. लॉरेंस बिश्नोई का इंटरव्यू भी इसी जेल का!

जयपुर: राजधानी जयपुर की हाई सिक्योरिटी सेंट्रल जेल से दो कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। शनिवार (20 सितंबर) तड़के 3.30 बजे हुई इस घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
27 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हुए कैदी
एसीपी नारायण कुमार के अनुसार फरार कैदियों के नाम नवल किशोर महावर और एनस कुमार हैं। दोनों चोरी के मामलों में सजा काट रहे थे।
कैदी जेल के अंदर लगे पाइप के सहारे करीब 27 फीट ऊंची दीवार पर चढ़े और वहां से भाग निकले।
फरारी के बाद मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही जेल में हड़कंप मच गया। स्टाफ ने तुरंत कैदियों की गिनती कर स्थिति की जानकारी बड़े अधिकारियों तक पहुंचाई। फिलहाल दोनों कैदियों की तलाश में टीमें तैनात कर दी गई हैं।
पहले भी विवादों में रही है जयपुर सेंट्रल जेल
यह वही जेल है, जहां से पहले भी कई विवाद जुड़े रहे हैं।
-
इसी जेल से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को दो बार धमकी दी जा चुकी है।
-
हाल ही में एक कैदी ने जेल के अंदर से इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट की थी, जिसकी जांच अभी जारी है।
लॉरेंस बिश्नोई भी रह चुका है यहां बंद
जयपुर की इस हाई सिक्योरिटी जेल में 2023 में लॉरेंस बिश्नोई को भी रखा गया था। जी क्लब फायरिंग केस में पुलिस उसे यहां लेकर आई थी।
इसके बाद लॉरेंस का एक इंटरव्यू वायरल हुआ, जिसके बारे में पंजाब पुलिस की एसआईटी ने दावा किया था कि वह इंटरव्यू राजस्थान की इसी जेल में दिया गया था।
सुरक्षा पर गंभीर सवाल
दो कैदियों का इस तरह भाग जाना और इससे पहले जेल से धमकी व सोशल मीडिया पोस्ट जैसे मामले सामने आना, जयपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।



