बड़ी खबर: कॉलेज के बाहर से कार में छात्रा को उठा ले गया BJP पार्षद, विरोध करने पर मारपीट की, घटना CCTV में कैद

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें नगर परिषद के बीजेपी पार्षद श्रवण सिंह चौहान और उनके साथी अभिषेक चौधरी पर कॉलेज के बाहर से छात्रा का अपहरण और मारपीट करने का आरोप लगा है। यह घटना सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पीजी कॉलेज के बाहर हुई, जिसने स्थानीय लोगों और प्रशासन में हलचल मचा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
छात्रा बस का इंतजार कर रही थी
घटना सोमवार को पीजी कॉलेज के बाहर घटी। छात्रा बस का इंतजार कर रही थी कि तभी एक बिना नंबर की काले शीशे वाली ऑल्टो कार आकर रुकी। गाड़ी से अभिषेक चौधरी उतरा और छात्रा का हाथ पकड़कर जबरन कार में बैठा लिया। छात्रा ने विरोध करते हुए मदद के लिए चिल्लाया, लेकिन आसपास कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। इसके बाद कार तेजी से वहां से रवाना हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की भूमिका और पुलिस की कार्रवाई
घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि एक युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए। जिसके कुछ देर बाद नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोक लिया और छात्रा को बरामद कर लिया। हालांकि, दोनों आरोपी थाने ले जाए जाने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
कौन हैं आरोपी?
घटना को अंजाम देने वाले आरोपी का नाम श्रवण सिंह चौहान है, जो पिपलियामंडी, मंदसौर से नगर परिषद का बीजेपी पार्षद है। उसके साथ अभिषेक चौधरी भी था, जिसने छात्रा को जबरन कार में बैठाया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया।
स्थानीय प्रतिक्रिया और सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में गुस्सा है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है। विपक्षी दलों ने इसे राजनीतिक संरक्षण में अपराध का मामला बताते हुए सरकार से सख्त कदम उठाने की अपील की है। वहीं छात्रा के परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है।



