Video: महिला डॉक्टरों के कपडे फाड़े, बाल खींचे, लात-घूंसे चले.. सहपाठियों ने पीटा, वजह भी हैरान करने वाली!

मध्यप्रदेश के शहडोल में बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। लेबर रूम में ड्यूटी कर रही महिला डॉक्टर शिवानी लाखिया पर उनके दो साथी इंटर्न डॉक्टरों ने हमला कर दिया। आरोप है कि इन्होंने डॉक्टर के कपड़े फाड़े, बाल पकड़कर खींचा और जमकर मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। यह पूरी घटना रात करीब 9:30 बजे की है, जो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो शनिवार को सामने आने के बाद हड़कंप मच गया।

कपड़े फाड़े, बाल खींचे, जान से मारने की धमकी दी

पीड़िता डॉक्टर शिवानी ने शिकायत में बताया कि गुरुवार रात वह नियमित ड्यूटी पर लेबर रूम में थीं। तभी इंटर्न डॉक्टर शानू अग्रवाल और योगिता त्यागी ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने डॉक्टर के बाल पकड़कर नीचे गिरा दिया और कपड़े फाड़ दिए। इसके अलावा उन्हें हॉस्टल में मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। मौके पर JR पदमीनी मैम, नर्सिंग स्टाफ, गार्ड और अन्य मौजूद थे। शुक्रवार देर रात करीब 2:15 से 2:40 बजे के बीच भी आरोपियों ने नशे की हालत में हमला किया। ऑन ड्यूटी इंटर्न सीता मीणा ने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई।

पहले भी विवादों में रही हैं आरोपी डॉक्टर

आरोपी डॉक्टर शानू अग्रवाल और योगिता त्यागी पहले भी कई विवादों में रही हैं। नफीस बस विवाद और महादेव प्रकरण जैसी घटनाओं में ये सुर्खियों में रही हैं। वर्तमान में पीड़िता और मेडिकल स्टाफ दोनों ने इन पर कड़ी कार्रवाई और निलंबन की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज से भी पुष्टि

घटना के समय लेबर रूम में मौजूद स्टाफ ने वीडियो भी बनाए। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों को हड़बड़ाते हुए लेबर रूम में प्रवेश करते और धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि मौके पर स्टाफ मौजूद था, लेकिन तब तक हमला हो चुका था।

कॉलेज प्रबंधन ने गठित की जांच समिति

घटना की पुष्टि होने के बाद बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। कॉलेज प्रशासन ने सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और दोषियों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button