बहुत बड़ी खबर: रेप केस में गिरफ्तार AAP विधायक पुलिस हिरासत से फरार, एक पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाई और..

पंजाब की सन्नौर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ बलात्कार (IPC धारा 376) का मामला दर्ज होने के बाद बड़ा मोड़ आ गया है। पटियाला पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था, लेकिन ताज़ा जानकारी के मुताबिक वे पुलिस हिरासत से एक पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाकर फरार हो गए हैं। इस घटना ने पूरे पंजाब के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।
शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को एक महिला ने पटियाला पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि विधायक ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। इस शिकायत पर पटियाला पुलिस ने पठानमाजरा के खिलाफ IPC धारा 376 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तारी की थी।
पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाकर भागे विधायक
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उन्हें आगे की पूछताछ के लिए ले जा रही थी, इसी बीच विधायक ने अचानक मौके का फायदा उठाकर पुलिसकर्मी पर कार चढ़ा दी और फरार हो गए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने विधायक की तलाश तेज कर दी है और सीमावर्ती जिलों में नाकेबंदी कर दी गई है। हालांकि, पूरी जानकारी आना अभी बाकी है।
राजनीतिक साजिश का आरोप
गिरफ्तारी से पहले हरमीत सिंह पठानमाजरा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर दावा किया था कि उनके खिलाफ यह पूरा मामला राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा था कि दिल्ली से चल रही “लॉबी” उनकी आवाज़ दबाना चाहती है क्योंकि उन्होंने बाढ़ राहत कार्यों में सरकार की नाकामी को उजागर किया था।
बाढ़ प्रबंधन को लेकर थे सरकार के खिलाफ
हाल ही में विधायक ने सरकार पर आरोप लगाया था कि नदी किनारों की सफाई रोकी गई, जिससे बाढ़ की स्थिति बिगड़ी। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की लापरवाही को भी खुलकर उठाया था। इसके बाद से ही उनका पार्टी नेतृत्व और प्रशासन से टकराव बढ़ गया था।
पार्टी और प्रशासन पर बढ़ा दबाव
पठानमाजरा की गिरफ्तारी और अब हिरासत से फरारी के बाद पंजाब सरकार पर बड़ा दबाव बढ़ गया है। विपक्षी पार्टियों ने इसे “AAP सरकार की नाकामी” करार देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से जवाब मांगा है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विधायक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ बलात्कार के गंभीर आरोप पहले ही पंजाब की राजनीति को हिला चुके थे, लेकिन अब उनका पुलिस हिरासत से भाग जाना सरकार और कानून-व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। यह मामला अब न केवल कानूनी बल्कि राजनीतिक स्तर पर भी गरमाने वाला है।



