BJP विधायक की राहुल गांधी पर आपत्तिजनक पोस्ट, लोगों ने FB पर ही लगा दी क्लास.. Post डिलीट कर भागे? देखें..!

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की नवाबगंज विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य एक बार फिर विवादों में हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट डाल दी, जिसने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया।
राहुल गांधी की तस्वीर के साथ पहली पोस्ट
डॉ. एमपी आर्य ने दो दिन पहले फेसबुक पर राहुल गांधी की टोपी लगाए हुए एक फोटो साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा –
“कैसे सौंप दें तेरे हाथों में वतन ये हिंदुस्तान का… हमने देखा है तेरी रैलियों में झंडा पाकिस्तान का।”
इस पोस्ट पर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हुईं और कई यूजर्स ने उन पर कटाक्ष करना शुरू कर दिया।
दूसरी पोस्ट में की आपत्तिजनक टिप्पणी
विवाद बढ़ने के बाद विधायक ने एक और पोस्ट डाल दी। इसमें उन्होंने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री की डिग्री सार्वजनिक करने की मांग को लेकर ‘मंदबुद्धि बालक’ बताया। इस पर भी सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं।
विधायक ने सफाई देते हुए कहा –
“मैं अक्सर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालता रहता हूं। जहां तक राहुल गांधी को मंदबुद्धि कहने की बात है तो उनकी हरकतें ही कुछ ऐसी हैं। खुद प्रधानमंत्री भी उनके लिए ऐसा कह चुके हैं।”
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
विधायक की पोस्ट पर बड़ी संख्या में यूजर्स ने अपनी राय रखी।
-
अनिल कुमार ने लिखा, “आपको हिंदू–मुस्लिम ने मिलकर जिताया है, आप ऐसी पोस्ट न करें।”
-
विपिन ने कटाक्ष करते हुए लिखा, “अगर आप सही कह रहे हो तो आपकी सरकार क्या कर रही है? तुरंत जेल भेजो।”
-
भगवन सरन नाम के युवक ने विधायक को नसीहत दी कि “गन्ना किसानों का भुगतान दिलाने के लिए मेहनत करें।”
-
वहीं देवेंद्र ने सवाल उठाया, “पीएम की डिग्री सही है तो दिखाने में क्या दिक्कत है?”
कुछ लोगों ने विधायक का समर्थन भी किया, लेकिन ज्यादातर प्रतिक्रियाएं आलोचनात्मक ही रहीं।
पोस्ट डिलीट करने पर भी उठे सवाल
हमने विधायक एमपी आर्य की फेसबुक आईडी पर जाकर 15 अगस्त से अब तक की सभी पोस्ट चेक कीं, लेकिन विवादित पोस्ट हमें वहां नहीं मिली। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या विवाद बढ़ता देख उन्होंने यह पोस्ट हटा दी है या फिर मामला कुछ और है—यह कहना फिलहाल मुश्किल है।
पंचायत चुनाव से पहले बढ़ा विवाद
दोनों पोस्ट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंचायत चुनाव से ठीक पहले ऐसी पोस्ट डालना भाजपा की रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है। हालांकि, भाजपा खेमे में भी इस बयानबाजी को लेकर कानाफूसी तेज है।



