बड़ी खबर: बंद गाड़ी में मिली Inspector की लाश, पुलवामा में था तैनात.. कार से हैरान करने वाली चीज बरामद!

कानपुर में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां कानपुर सेंट्रल स्टेशन की पार्किंग में सीआरपीएफ इंस्पेक्टर निर्मल उपाध्याय (38) का शव कार के अंदर मिला। इंस्पेक्टर उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के रहने वाले थे और उनकी तैनाती पुलवामा में थी।
सुबह घर से निकले, शाम को कार में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे इंस्पेक्टर अपने साकेत नगर स्थित ससुराल से निकले थे। इसके लगभग 12 घंटे बाद, शाम करीब 7 बजे पार्किंग संचालक ने उनकी लाश कार के अंदर देखी। इसके बाद जीआरपी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
कार के अंदर से शराब की बोतल भी बरामद हुई है।
पत्नी से हुआ था विवाद
इंस्पेक्टर की पत्नी राशि ने बताया कि पति करीब 12 दिन पहले मेडिकल लीव पर घर आए थे। गुरुवार रात उन्होंने शराब पी थी और दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। पति ने मारपीट भी की, जिसकी शिकायत उन्होंने किदवई नगर पुलिस से की थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह वह बिना बताए घर से निकल गए।
किराएदार के साथ पहुंचे थे स्टेशन
घर में किराए पर रहने वाले संजय चौहान को इंस्पेक्टर निर्मल अपने साथ कार से लेकर स्टेशन तक गए। वहां उन्होंने संजय को घर भेज दिया और खुद कार में ही बैठे रहे। संजय ने घर आकर बताया कि इंस्पेक्टर पुलवामा जाने की बात कह रहे थे और इसी बहाने स्टेशन लेकर गए थे।
12 घंटे तक खड़ी रही कार
कानपुर सेंट्रल की पार्किंग एरिया में उनकी कार पूरे दिन खड़ी रही। शाम को जब संचालक ने कार में झांका तो देखा कि सीट बेल्ट लगे हुए इंस्पेक्टर का सिर एक ओर लटका हुआ है। उसने तुरंत जीआरपी को सूचना दी।
पुलिस जांच जारी
जीआरपी एसीपी दुष्यंत सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ हो पाएगी।



