Video: “बच्चा है मेरे साथ, प्लीज रोक लो”, पुलिस कर रही थी पीछा.. बेखौफ गाड़ी दौड़ा रहा था कैब ड्राइवर !

“भैया आगे जाकर प्रोब्लम हो जाएगी हमको, बच्चा है मेरे साथ भाई। भैया प्लीज रोक लो, भैया आप नहीं समझ रहे हो पीछे पुलिस है, आप बच नहीं पाओगे, वो जाने नहीं देंगे तुम्हें। भाई समझा करो, मै पैसे दे दूंगा तुमको। मै बात कर लूंगा, तुम रुक जाओ यार। मत कर, बच्चा है साथ में।”
नोएडा में दिल्ली जा रहे एक परिवार की ये गुहार सुनकर भी कैब ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया और कैब को सीज कर दिया।


पर्थला फ्लाईओवर से शुरू हुआ खतरनाक सफर

यह घटना नोएडा के पर्थला फ्लाईओवर ब्रिज के पास की है। मूल रूप से असम के रहने वाले संजय मोहन ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अजनारा होम्स सोसाइटी में अपनी पत्नी और चार साल की बच्ची के साथ रहते हैं।
गुरुवार दोपहर, संजय अपने परिवार के साथ दोस्त के घर गए थे और सेक्टर-119 स्थित अरण्या सोसाइटी से उबर कैब बुक कर दिल्ली के कनॉट प्लेस के लिए रवाना हुए।


पुलिस के इशारे को नजरअंदाज कर तेज रफ्तार से भागा

संजय ने बताया कि पर्थला फ्लाईओवर के पास पुलिस ने कैब रोकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार में भगाने लगा। इस दौरान कैब चालक ने एक अन्य वाहन को जोरदार टक्कर भी मार दी, जिससे संजय की पत्नी और बच्ची डर गईं।


बार-बार रुकने की गुहार, लेकिन ड्राइवर नहीं माना

संजय ने कई बार अनुरोध किया—”हमें यहीं उतार दो, हम आपका चालान भर देंगे और पुलिस से भी बात कर लेंगे”—लेकिन ड्राइवर ने कोई बात नहीं मानी। करीब 7 किलोमीटर तक तेज रफ्तार से भागने के बाद, सेक्टर-63 में सड़क किनारे परिवार को उतारकर फरार हो गया।


1 मिनट 36 सेकेंड का वीडियो हुआ वायरल

परिवार ने पूरे घटनाक्रम का 1 मिनट 36 सेकेंड का वीडियो बनाया, जिसमें देखा जा सकता है कि वे लगातार ड्राइवर से रुकने की अपील कर रहे हैं। ड्राइवर बार-बार कह रहा है कि वह उन्हें सुरक्षित घर पहुंचा देगा, लेकिन रुकने से इंकार कर देता है। वीडियो में यात्री साफ-साफ कहते हैं—
“भैया आगे जाकर प्रोब्लम हो जाएगी हमको, बच्चा है मेरे साथ भाई… भैया प्लीज रोक लो…”
इसके बावजूद चालक गाड़ी भगाता रहा, यहां तक कि सवारियों ने हाथापाई करने की कोशिश भी की।


पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई

पुलिस जांच में पता चला कि कैब चालक के पास गाड़ी के दस्तावेज नहीं थे और चेकिंग के दौरान वह भागने लगा था।
पुलिस कमिश्नर के पीआरओ के अनुसार, “वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया। गाड़ी का ₹29,250 का चालान किया गया और वाहन को सीज कर दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।”

Related Articles

Back to top button