यूपी की बड़ी खबर: रोडवेज बस में 5 की मौत, ड्राइवर फोन पर बात करते हुए चलती बस से कूदा.. ट्रक में घुसी

यूपी के जौनपुर जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 5 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। हादसा खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी बाजार के पास हुआ, जब वाराणसी से शाहगंज जा रही रोडवेज बस तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चला रहा था और टक्कर से पहले चलती बस से कूद गया।

ड्राइवर की लापरवाही बनी मौत की वजह

यात्रियों का कहना है कि हादसा पूरी तरह बस ड्राइवर की लापरवाही से हुआ। वह तेज रफ्तार में मोबाइल पर बातचीत कर रहा था और ओवरटेक के दौरान बस को गलत दिशा में डाल दिया। इसी बीच सामने से एक ट्रक आ गया। टक्कर से ठीक पहले ड्राइवर ने बस से छलांग लगा दी, जिससे बस बेकाबू होकर ट्रक से जा भिड़ी।

बस के आगे का हिस्सा 3 फीट तक पिचका, यात्री सीटों में फंसे

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा करीब 3 फीट तक पिचक गया। खिड़कियां और शीशे चकनाचूर हो गए। अगले हिस्से में बैठे यात्री सीटों में फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बस से बाहर निकाला गया।

मौत और घायल होने वालों की पहचान

हादसे में 2 पुरुष, 2 महिला और एक बच्चे की मौत हुई। मृतकों में तीन की पहचान हो चुकी है –

  • देवी प्रसाद (32), निवासी पटेला, खुटहन (जौनपुर)

  • सराय रतन लाल (60), निवासी कलावतीपुर, खेटा सराय

  • गेना देवी (59), निवासी पवई, आजमगढ़

दो मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। 6 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक को वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

घायलों की सूची

घायलों में मनोज कुमार, पत्नी सरस्वती, बेटा राज (गुरैनी), हरिश्चंद्र और पत्नी ऊषा देवी (अहरौला), प्रदीप मिश्र (खुटहन रोड, शाहगंज), रविंद्र कुमार और मां सरिता (शेखवलिया, शाहगंज), विनोद सरोज (एतमादपुर), चंदन (रुधौली), शनि कुमार (खेतासराय), रामपलर और पत्नी सोनाली (गोधना), रविंद्र प्रसाद (गोधना), और भोला (मोतिहारी, बिहार) शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी हादसे का सच

गुरैनी निवासी मनोज मोदनवार ने बताया – “बस ड्राइवर ने ट्रक में ठोक दी। मैं बेहोश हो गया था। होश आने पर देखा तो मेरा पैर सीट के नीचे फंसा हुआ था।”
मनोज के बेटे राज ने कहा – “बस वाला फोन पर बात कर रहा था और बहुत तेज चला रहा था। ध्यान नहीं दिया और ट्रक से भिड़ा दी।”
रुधौली निवासी चंदन ने बताया – “जैसे ही ट्रक सामने आया, ड्राइवर बस से कूद गया और बस सीधी ट्रक से भिड़ गई।”

प्रशासन और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह और एसपी डॉ. कौस्तुभ ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। डीएम ने स्वीकार किया कि हादसा गलत दिशा में ओवरटेकिंग और चालक की लापरवाही के कारण हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए अधिकारियों को घायलों के इलाज में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

हादसे ने खोली रोडवेज की सुरक्षा व्यवस्था की पोल

यह हादसा न केवल ड्राइवर की गैरजिम्मेदारी बल्कि रोडवेज की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है। तेज रफ्तार, मोबाइल पर बातचीत और चलती बस से ड्राइवर का कूद जाना यह दिखाता है कि यात्रियों की जान किस हद तक खतरे में है।

Related Articles

Back to top button