राजा भैया की पत्नी का आधी रात को हंगामा, मां ने नहीं खोला गेट.. बहन ने बुलाई पुलिस, जानिए पूरा मामला !

लखनऊ के हजरतगंज स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट में मंगलवार देर रात एक हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह अपनी मां से मिलने पहुंचीं। लेकिन मां या परिवार के किसी भी सदस्य ने दरवाजा नहीं खोला, जिससे नाराज होकर उन्होंने अपार्टमेंट के बाहर एक घंटे तक हंगामा किया।
बहन ने दी पुलिस को सूचना
हंगामा बढ़ता देख, भानवी सिंह की बहन ने पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में हजरतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और रात करीब 12 बजे किसी तरह भानवी को समझाकर शांत किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस दौरान अपार्टमेंट के बाहर काफी भीड़ जुट गई थी और कई लोग वीडियो बनाते नज़र आए।
तलाक विवाद की पृष्ठभूमि
राजा भैया और भानवी सिंह के बीच बीते कुछ वर्षों से तलाक का मामला चल रहा है। भानवी सिंह 2022 से अपने पति से अलग दिल्ली में रह रही हैं। नवंबर 2022 में उन्होंने साकेत कोर्ट में तलाक की अर्जी दायर की थी। उनका आरोप है कि राजा भैया ने उनके साथ शारीरिक और मानसिक हिंसा की है और अवैध संबंध भी बनाए।
FIR और सुरक्षा की मांग
चार महीने पहले भानवी सिंह ने दिल्ली में राजा भैया के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। उन्होंने पति पर वर्षों से प्रताड़ना देने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया। मेडिकल रिपोर्ट में भी हिंसा की पुष्टि होने का दावा किया गया। उन्होंने कोर्ट से सुरक्षा की मांग की थी, यह कहते हुए कि उनकी जान को खतरा है।
भानवी सिंह कौन हैं?
भानवी सिंह बस्ती राजघराने से ताल्लुक रखती हैं। वे कुंवर रवि प्रताप सिंह की तीसरी बेटी हैं। उनका जन्म 10 जुलाई 1974 को बस्ती में हुआ और उन्होंने बस्ती व लखनऊ में शिक्षा प्राप्त की। 1995 में उनकी शादी भदरी रियासत के राजा उदय प्रताप सिंह के बेटे राजा भैया से हुई थी।
भानवी, पति से अलग रहती हैं दिल्ली में
राजा भैया और भानवी सिंह के चार बच्चे हैं, दो बेटे: शिवराज प्रताप सिंह और बृजराज प्रताप सिंह; दो बेटियां: राघवी और बृजेश्वरी सिंह। कुछ साल पहले तक यह परिवार साथ रहता था, लेकिन अब भानवी दिल्ली में अलग रह रही हैं।
संपत्ति में भी आगे हैं भानवी
2017 के चुनावी हलफनामे में राजा भैया ने अपनी कुल 14 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी, जिसमें से 7.2 करोड़ रुपये की संपत्ति पत्नी भानवी के नाम थी। यानी भानवी सिंह आर्थिक रूप से भी मजबूत हैं और कारोबार से जुड़ी हुई हैं।