डबल मर्डर से सनसनी: पत्नी पर कमेंट करना पड़ा भारी.. पिता-पुत्री को काट डाला, बेटे ने बताई आँखों देखी घटना

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में सगे भाई और भतीजी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना गोविंद नगर थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है।

पारिवारिक विवाद से जुड़ी थी हत्या की जड़

गोविंद नगर क्षेत्र में रहने वाले संजय (40) और उसका छोटा भाई खिल्लन दोनों पायल बनाने का काम करते थे। दोनों पांच भाइयों में से एक हैं। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि खिल्लन ने चाकू उठाकर अपने ही बड़े भाई संजय पर जानलेवा हमला कर दिया।

बचाने आई बेटी को भी चाकू मारा

जब संजय पर हमला हो रहा था, तो उसकी 18 वर्षीय बेटी अंजलि उसे बचाने आई, लेकिन खिल्लन ने उस पर भी चाकू से कई वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य ऊपर कमरे में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि संजय और अंजलि खून से लथपथ तड़प रहे थे।

बेटे ने बताया- चाचा मुझे भी मारने जा रहे थे

मृतक संजय के बेटे पृथ्वी ने घटना के बारे में बताया कि वह और बाकी परिवार के सदस्य नीचे खाना खा रहे थे। तभी चाचा खिल्लन कुछ लेकर ऊपर कमरे में चले गए। कुछ देर में जोर-जोर से चीखने की आवाजें आने लगीं। जब वह ऊपर पहुंचा तो देखा कि चाचा उसके पापा को चाकू मार रहे थे। उसने जब चाचा को पकड़ा तो उन्होंने उसकी बहन अंजलि को चाकू मार दिया। पृथ्वी के अनुसार चाचा उसे भी मारने जा रहे थे, लेकिन उसका पैर फिसल गया और इसी दौरान चाचा भी गिर गए। इसके बाद आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया।

अंजलि पढ़ाई में होनहार थी, 11वीं की छात्रा थी

संजय के बेटे पृथ्वी ने बताया कि अंजलि उनकी सबसे बड़ी बहन थी और वह 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। चार भाई-बहनों में वह सबसे बड़ी थी, उसके बाद पृथ्वी और दो छोटी बहनें थीं। पूरे परिवार का भविष्य अंधकार में डूब गया है।

खिल्लन पहले से रखता था रंजिश

संजय की पत्नी भगवती ने बताया कि खिल्लन पहले भी उनके पति से रंजिश रखता था। करीब दो साल पहले वह घर में हथियार लेकर आया था, जिसे संजय ने पकड़वा दिया था। तभी से वह खुन्नस में था। शुक्रवार को जब संजय उनके लिए दवा लाए और घर आए, तो बिना किसी बहस के खिल्लन ने अचानक हमला कर दिया।

पत्नी के मायके जाने के बाद और बढ़ गया शक

भगवती ने बताया कि खिल्लन की पत्नी छह महीने पहले घर छोड़कर मायके चली गई थी। उसका कहना था कि उसने एक बार घर में पांच हथियार देख लिए थे, जिसे मां ने जंगल में फेंक दिया। तभी से खिल्लन की पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। खिल्लन को अपने बड़े भाई संजय पर शक था कि वह उसकी पत्नी को गलत नजरों से देखता है, हालांकि भगवती का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं था। उन्होंने बताया कि खिल्लन की पत्नी भी कहती थी कि “मेरे जेठ जैसे कोई नहीं हैं।”

चार टीमें गिरफ्तारी में जुटीं

मथुरा के एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है, जिसमें आरोपी भाई ने अपने बड़े भाई और भतीजी की हत्या की है। गोविंद नगर थाने में आरोपी खिल्लन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। टीमें हाथरस और मुरादाबाद में दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button