UP के निर्वाचित MLC में से 9 ने आज ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नव निर्वाचित सदस्यों के लिए आज तिलक हॉल में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।

इस दौरान प्रोटेम स्पीकर कुंवर मानवेंद्र सिंह ने उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, रिटायर्ड IAS एके शर्मा समेत 9 नव निर्वाचित सदस्यों को उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

बता दें कि UP MLC के लिए हाल ही में 12 सीटों पर BJP के 10 व समाजवादी पार्टी के दो सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इनमें से कुंवर मानवेंद्र सिंह प्रोटेम स्पीकर बनाए गए हैं।

उन्हें राज्यपाल ने कार्यकारी उपसभापति की शपथ दिलाई थी। वहीं, सपा के MLC राजेंद्र चौधरी आज शपथ ग्रहण समारोह में नहीं शामिल हुए।

इस दौरान BJP के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शपथ की कुछ पंक्तियां बिना बोले ही आगे बढ़ गए। इस पर प्रोटेम स्पीकर कुंवर मानवेंद्र सिंह ने उन्हें टोका और फिर से शपथ पत्र पढ़ने की बात कही। स्वतंत्र देव सिंह ने दोबारा शपथ पत्र पर पढ़ा और औपचारिकताएं पूरी की।

भाजपा की तरफ से उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने सबसे पहले शपथ ली। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मण आचार्य, महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अश्विनी त्यागी, सुरेंद्र चौधरी, धर्मवीर प्रजापति, अरविंद कुमार शर्मा ने विधान परिषद सदस्य के पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

वहीं, विधान परिषद में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व भाजपा के सलिल विश्नोई शपथ लेने नहीं पहुंचे। बाद में सलिल विश्नोई को सभापति कक्ष में शपथ दिलाई गई।

समाजवादी पार्टी के नेता अहमद हसन रविवार को ही शपथ ले चुके हैं। उन्हें विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है।

Related Articles

Back to top button