बीजेपी संगठन में 5 नई नियुक्तियां, महाराष्ट्र से लेकर बंगाल तक यूं साधे राजनीतिक-जातिगत समीकरण

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाराष्ट्र के मराठा नेता विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है। इसके अलावा पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर दो नए सचिवों की भी नियुक्ति की गई है। इनमें बिहार के ऋतुराज सिन्हा और झारखंड की आशा लाकड़ा शामिल हैं। पश्चिम बंगाल की भाजपा नेता भारतीय घोष और शहजाद पूनावाला को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है।

भाजपा संगठन में रविवार को पांच नई नियुक्तियां की गई हैं। इनमें तीन राष्ट्रीय पदाधिकारी और दो प्रवक्ता शामिल हैं। राज्यों के राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को देखते हुए यह नियुक्तियां महत्वपूर्ण हैं। विनोद तावड़े महाराष्ट्र से पार्टी के मजबूत मराठा नेता हैं और एक समय मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी रहे थे। बाद में उनको राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। अब उनको पदोन्नत कर महासचिव नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र के हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों को देखते हुए यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है। इसके जरिए पार्टी ने मराठा समुदाय को साधने की कोशिश की है।

दो नए राष्ट्रीय सचिव बिहार के ऋतुराज सिन्हा और झारखंड की आशा लाकड़ा को नियुक्त किया गया है। ऋतुराज सिन्हा भाजपा के पूर्व सांसद आरके सिन्हा के बेटे हैं। बिहार खासकर पटना के राजनीतिक व सामाजिक समीकरणों को देखते हुए इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आदिवासी समुदाय से आने वाली आशा लाकड़ा झारखंड का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगी।

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के खिलाफ पार्टी की आवाज को मुखर करने के लिए भारती घोष को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। इसके अलावा शहजाद पूनावाला भी राष्ट्रीय प्रवक्ता होंगे। वह अभी तक पार्टी के अधिकृत पैनल के सदस्य थे। इन नियुक्तियों के बाद अध्यक्ष समेत कुल 40 केंद्रीय पदाधिकारियों में केवल तीन पद रिक्त रह गए हैं। इनमें एक महासचिव व दो सचिवों के पद हैं। पदाधिकारियों में महिला पदाधिकारियों की संख्या भी बढ़कर 10 हो गई है। भाजपा संविधान के अनुसार संगठन में एक तिहाई यानी 13 महिला पदाधिकारी होनी चाहिए। हालांकि तीन पद अभी रिक्त हैं।

Related Articles

Back to top button