20 नवंबर को 6 घंटे बंद रहेगा मुंबई एयरपोर्ट, रनवे पर होगा बड़ा मेंटेनेंस काम

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 20 नवंबर को फ्लाइट ऑपरेशन रहेगा बंद। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे रहेंगे मेंटेनेंस में। सुरक्षा और ग्लोबल एविएशन स्टैंडर्ड के तहत किया जा रहा है यह वार्षिक रखरखाव कार्य।

  • महाराष्ट्र: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए एक अहम अपडेट आई है। अडाणी ग्रुप के स्वामित्व वाला यह एयरपोर्ट 20 नवंबर को छह घंटे के लिए बंद रहेगा। एयरपोर्ट ऑपरेटर ने बताया कि मानसून के बाद रनवे के रखरखाव और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

 

 

एयरपोर्ट की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों क्रॉस रनवे ,09/27 और 14/32, फ्लाइट संचालन के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इस दौरान रनवे का विस्तृत निरीक्षण, सतह की मरम्मत, रोशनी की व्यवस्था, निशानों की जांच और जल निकासी प्रणाली का तकनीकी मूल्यांकन किया जाएगा। यह वार्षिक रखरखाव कार्य विमानन सुरक्षा, विश्वसनीयता और वैश्विक मानकों के अनुरूप किया जाता है।

 

एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा कि पहले ही नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) जारी कर एयरलाइन कंपनियों को जानकारी दे दी गई है, ताकि वे फ्लाइट शेड्यूल और ग्राउंड स्टाफ की योजना में आवश्यक बदलाव कर सकें। इससे यात्रियों को असुविधा कम होगी और संचालन में समन्वय बना रहेगा।

 

बता दें कि इसी साल 8 मई को भी मुंबई एयरपोर्ट को छह घंटे के लिए बंद रखा गया था। यह रखरखाव कार्य मानसून से पहले किया गया था। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि मानसून से पहले और बाद में रनवे की मरम्मत और निरीक्षण एक नियमित प्रक्रिया है, जो साल भर की परिचालन तत्परता और ‘सेफ्टी-फर्स्ट’ नीति का हिस्सा है।

Related Articles

Back to top button