पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी करने पर 2 गुटों में झापड़, 1 की मौत,8 घायल

महाराष्ट्र में अकोला के ओल्ड सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम मामूली विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। अकोला में बीती रात करीब 1 बजे एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर दो गुटों के बीच झड़प और हिंसा हुई।

सोशल मीडिया पर साझा की गई एक विवादित पोस्ट को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसा में बदल गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि दो गुट एक-दूसरे पर पथराव कर रहे हैं और आपस में भिड़ गए हैं।

1 की मौत 25 गिरफ्तार

मारपीट में एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ घायल हो गए। घायलों में दो पुलिसकर्मी हैं। पथराव के दौरान वे घायल हो गए। मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। 120 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है, जिनमें से अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन्हें दंगा भड़काने और शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

मुस्लिम समुदाय के पैगंबर को लेकर विवादित पोस्ट किया गया जिसके बाद हिंसा बढ़ गई। पोस्ट डिलीट कर दी गई लेकिन दोनों गुटों में बहस होने लगी और बात मारपीट तक पहुंच गई। हिंसा के दौरान जमकर पथराव के साथ ही करीब 8 से 10 बाइकों में आग लगा दी गई। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

धारा 144 लागू

इलाके में तनाव के बीच धारा-144 लगा दी गई है। अकोला कलेक्टर नीमा अरोड़ा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दो गुटों के बीच हुई हिंसा के बाद शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर बाकी दंगाइयों की तलाश जारी है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महाराष्ट्र राज्य रिजर्व पुलिस बल (SRPF) और दंगा नियंत्रण पुलिस बल (RCPF) को इलाके में तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि अकोला में इस तरह की यह दूसरी घटना है। कुछ दिन पहले अकोट फाइल इलाके के शंकर नगर मुहल्ले में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी।

Related Articles

Back to top button