सासाराम नगर निगम ने शिक्षकों को आवारा कुत्तों की रिपोर्टिंग का जिम्मा दिया, मचा विवाद
नगर निगम ने स्कूलों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने का दिया निर्देश। शिक्षकों को अब पढ़ाई के साथ कुत्तों की संख्या और स्थिति की जानकारी भी देनी होगी। आदेश पर शिक्षक असहज, शहर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
Bihar news: बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में नगर निगम का नया निर्देश शहर में चर्चा का विषय बन गया है। नगर निगम ने अपने क्षेत्र के सभी स्कूलों को यह अनोखा आदेश जारी किया है कि वे आवारा कुत्तों से जुड़ी जानकारी देने के लिए एक नोडल अधिकारी (शिक्षक) नियुक्त करें। इस पत्र के मुताबिक, स्कूल परिसर और उसके आस-पास मौजूद आवारा कुत्तों की संख्या, उनकी स्थिति और नियंत्रण के उपायों की जानकारी अब स्कूल द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी को उपलब्ध करानी होगी। नगर निगम शहर में डॉग पाउंड बनाने की तैयारी कर रहा है और इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आंकड़े जुटाए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त का कहना
सासाराम नगर निगम के नगर आयुक्त विकास कुमार ने बताया कि यह निर्देश सरकार की गाइडलाइन के तहत जारी किया गया है। उनका कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए शैक्षणिक संस्थानों से नोडल अधिकारी की सूची मांगी गई है, ताकि संबंधित क्षेत्रों की सही जानकारी मिल सके और आगे कार्रवाई की जा सके।
शिक्षकों में नाराजगी
हालांकि, इस आदेश के बाद शिक्षकों में नाराजगी और असहजता है। उनका कहना है कि पहले ही उनसे जनगणना, बीएलओ, जाति गणना जैसे गैर-शैक्षणिक काम कराए जाते रहे हैं, और अब आवारा कुत्तों की रिपोर्टिंग का जिम्मा भी दे दिया गया है। अधिकांश शिक्षक अभी खुलकर प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं, लेकिन नगर निगम का यह आदेश शहर में बहस का मुख्य मुद्दा बन चुका है।



