बिहार में सत्ता बदलते ही बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS अधिकारियों के तबादले
बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद नीतीश सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कई IAS अधिकारियों के विभाग बदले गए

बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। सरकार ने एक ही बार में कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों के विभाग बदल दिए हैं। उद्योग, परिवहन, राजस्व एवं भूमि सुधार और सामान्य प्रशासन जैसे अहम विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
कुन्दन कुमार बने उद्योग विभाग के नए सचिव
नई दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त कुन्दन कुमार (IAS–2004) को बिहार के उद्योग विभाग का सचिव बनाया गया है। वे अपने पहले वाले प्रभार—स्थानिक आयुक्त और BIADA के एमडी—पर भी बने रहेंगे।
मिहिर कुमार सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने नए विकास आयुक्त
सीनियर IAS अधिकारी मिहिर कुमार सिंह (IAS–1993) को उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव पद से हटाकर अब बिहार का नया विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही बिहार राज्य योजना पर्षद में परामर्शी रहे सी.के. अनिल (IAS–1991) को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का प्रधान सचिव बना दिया गया है।
राज कुमार होंगे परिवहन विभाग के नए सचिव
मुजफ्फरपुर तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त राज कुमार (IAS–2010) का तबादला कर उन्हें परिवहन विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह (IAS–1992) को सामान्य प्रशासन विभाग में महानिदेशक–सह–मुख्य जांच आयुक्त बनाया गया है।
अन्य बड़े बदलाव
बी. कार्तिकेय धनजी अब उद्योग विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। संजय कुमार सिंह, वाणिज्य कर विभाग के सचिव, को गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। दरभंगा के आयुक्त कौशल किशोर (IAS–2010) को अब अगले आदेश तक तिरहुत प्रमंडल मुजफ्फरपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।



