पटना में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत पर मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
छात्रा को शंभू गर्ल्स हॉस्टल में 6 जनवरी को बेहोश पाया गया था। इलाज के दौरान 11 जनवरी को मौत, परिवार ने हत्या और बलात्कार का आरोप लगाया। आयोग ने एसएसपी पटना को नोटिस जारी किया, अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी।

Bihar news: पटना में NEET की छात्रा की मौत के मामले ने बिहार में सनसनी फैला दी है। बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने इस मामले पर संज्ञान लिया है और मानवाधिकार अधिवक्ता एसके झा की याचिका पर सुनवाई करते हुए इसे अतिगंभीर माना है।
8 हफ्ते के अंदर मांगी गई रिपोर्ट
आयोग ने मामले में एसएसपी पटना को नोटिस जारी किया है और 8 हफ्ते के अंदर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। मृत छात्रा बिहार के जहानाबाद जिले की निवासी थी और पटना के मुन्नाचक, कंकड़बाग स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी।
काफी गंभीर आपराधिक कृत्यों से जुड़ा मामला
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान और अन्य तथ्य सामने आए, जो जघन्य आपराधिक घटना की ओर इशारा करते हैं। मानवाधिकार अधिवक्ता एसके झा ने आयोग से अवकाश-प्राप्त न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
22 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई
छात्रा को 6 जनवरी 2026 को शंभू गर्ल्स हॉस्टल में बेहोश हालत में पाया गया था और इलाज के दौरान 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई। प्रारंभ में पुलिस ने इसे स्लीपिंग पिल्स ओवरडोज से आत्महत्या बताया था, लेकिन परिवार ने हत्या और बलात्कार का आरोप लगाया। आयोग ने मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को तय की है।



