दिल्ली–अहमदाबाद स्पाइसजेट फ्लाइट कैंसिल, 6 घंटे तक परेशान होते रहे यात्री

दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट 6 घंटे की देरी के बाद रद्द यात्रियों को न वैकल्पिक उड़ान मिली, न ठहरने की व्यवस्था घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी को बताया गया कारण

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) के टर्मिनल-3 पर उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब स्पाइसजेट की दिल्ली से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट को करीब 6 घंटे की देरी के बाद आखिरकार कैंसिल कर दिया गया। फ्लाइट सुबह 4 बजे रद्द की गई, जिससे यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। यात्रियों के मुताबिक, उनकी फ्लाइट का तय समय रात 10 बजे था। पहले इसे रात 2 बजे के लिए री-शेड्यूल किया गया, फिर 2 बजे से 4 बजे तक यात्रियों को विमान के अंदर ही बैठाकर रखा गया। इसके बाद अचानक फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया।

 

न वैकल्पिक फ्लाइट, न ठहरने की व्यवस्था

यात्रियों का आरोप है कि स्पाइसजेट की ओर से न तो किसी वैकल्पिक फ्लाइट का विकल्प दिया गया और न ही होटल या किसी अन्य अकोमोडेशन की कोई व्यवस्था की गई। वहीं, रिफंड को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।

 

स्पाइसजेट ने बताया खराब मौसम कारण

स्पाइसजेट ने फ्लाइट कैंसिल होने को लेकर ट्वीट जारी कर जानकारी दी। एयरलाइन के मुताबिक, “दिल्ली में खराब मौसम के कारण दिल्ली–अहमदाबाद फ्लाइट SG 8193 (18 दिसंबर 2025) को रद्द किया गया है। असुविधा के लिए हमें खेद है। यात्री वेबसाइट के जरिए वैकल्पिक फ्लाइट में अपनी बुकिंग करा सकते हैं।”

 

उत्तर भारत में घना कोहरा, विजिबिलिटी शून्य

उत्तर भारत के कई इलाकों में घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी बेहद खराब दर्ज की गई। सुबह 5:30 बजे के आसपास उत्तर प्रदेश के आगरा, बरेली, सहारनपुर और गोरखपुर में विजिबिलिटी शून्य रही। लखनऊ में दृश्यता 100 मीटर दर्ज की गई। पंजाब के अंबाला, अमृतसर, भटिंडा, लुधियाना और आदमपुर में भी विजिबिलिटी शून्य मापी गई। दिल्ली के सफदरजंग इलाके में विजिबिलिटी 00 जबकि पालम में 50 मीटर दर्ज की गई। इसके अलावा हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और मणिपुर के कई शहरों में भी कोहरे का भारी असर देखने को मिला। घने कोहरे के कारण उड़ानों और ट्रेनों पर असर जारी है, जिससे यात्रियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button