तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, गिट्टी से लदे डंपर ने बस को मारी टक्कर, 24 की दर्दनाक मौत

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। गिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने राज्य परिवहन निगम (आरटीसी) की यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 24 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं।हादसा चेवेल्ला के खानपुर गेट के पास हुआ, जब तंदूर से हैदराबाद जा रही बस में 70 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर कॉलेज छात्र थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और डंपर की गिट्टी बस के अंदर गिर पड़ी, जिससे कई यात्री मलबे में दब गए।सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से फंसे यात्रियों को निकाला गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा शोक जताया है और मुख्य सचिव व डीजीपी को राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।



