तेज प्रताप यादव का बड़ा खुलासा: ‘5 जयचंदों’ के नाम गिनाए, साजिश का लगाया आरोप

पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तेज प्रताप यादव ने गिनाए ‘5 जयचंदों’ के नाम अनुष्का यादव संग रिश्ते की अफवाहों को सिरे से नकारा, साजिश का आरोप पूर्व विधायक मुकेश रौशन पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर दावा

Tej pratap yadav: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के नेता तेज प्रताप यादव ने रविवार को पटना में अचानक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सियासी हलचल तेज कर दी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज प्रताप ने न सिर्फ अनुष्का यादव के साथ वायरल तस्वीर और रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर जवाब दिया, बल्कि पहली बार उन “5 जयचंदों” के नाम भी सार्वजनिक किए, जिन पर उन्होंने खुद को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

 

पार्टी और परिवार से निकाले जाने का दर्द भी छलका

तेज प्रताप यादव पिछले साल अनुष्का नाम की युवती के साथ वायरल तस्वीर के बाद लालू परिवार और राजद से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिए गए थे। इसके बाद उन्होंने अलग पार्टी बनाकर सियासी राह चुनी। रविवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज प्रताप का दर्द और गुस्सा दोनों साफ नजर आया।

 

तेज प्रताप ने गिनाए ‘5 जयचंदों’ के नाम

JJD सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनके साथ जो कुछ हुआ, वह एक सोची-समझी साजिश थी। उन्होंने कहा, “मुझे घर से निकाला गया, मेरी छवि खराब करने की कोशिश की गई।” इसके बाद तेज प्रताप ने पहली बार पांच लोगों के नाम लेते हुए कहा: नंबर-1 मुकेश रौशन, नंबर-2 संजय यादव, नंबर-3 रमीज, नंबर-4 शक्ति सिंह और नंबर-5 सुनील सिंह।

 

जिन्हें जयचंद बताया, सभी राजद से जुड़े

तेज प्रताप ने दावा किया कि जिन पांच लोगों को उन्होंने जयचंद कहा है, वे सभी राजद से जुड़े हुए हैं। मुकेश रौशन राजद के पूर्व विधायक रह चुके हैं। संजय यादव राज्यसभा सांसद और तेजस्वी यादव के करीबी माने जाते हैं। रमीज राजद के आईटी सेल से जुड़े हैं और उन्हें भी तेजस्वी का करीबी बताया जाता है। शक्ति सिंह और सुनील सिंह भी पार्टी से जुड़े रहे हैं।

 

अनुष्का यादव संग रिश्ते को किया सिरे से खारिज

अनुष्का यादव के साथ रिश्ते की अफवाहों पर तेज प्रताप ने साफ कहा कि वह इस कथित संबंध को पूरी तरह नकारते हैं। उन्होंने कहा कि जो तस्वीर वायरल हुई थी, वह उनके सोशल मीडिया अकाउंट के हैक होने की वजह से सामने आई। तेज प्रताप ने कहा कि जिस तरह उनके पिता को झूठे मामलों में फंसाया गया, उसी तरह उन्हें भी फंसाने की कोशिश हो रही है।

 

मानहानि करने वालों पर कोर्ट जाने की चेतावनी

तेज प्रताप यादव ने सवाल उठाया कि आकाश गुर्जर कौन है और अनुष्का यादव से उसका क्या संबंध है, यह सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं, उनके खिलाफ वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।

 

भावुक हुए तेज प्रताप, बोले— यह कुछ लोगों को रास नहीं आया

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेज प्रताप भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव उन्हें चूड़ा-दही में आशीर्वाद देने आए थे, लेकिन यह बात कुछ लोगों को पसंद नहीं आई।

 

मुकेश रौशन पर गंभीर आरोप

तेज प्रताप यादव ने अंत में बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे मामले के पीछे एक गिरोह काम कर रहा है, जिसका संचालन पूर्व विधायक मुकेश रौशन कर रहे हैं। तेज प्रताप ने दावा किया कि इस साजिश की वजह से वह डिप्रेशन में चले गए थे और हालात बेहद खराब हो गए थे। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि मुकेश रौशन उनकी हत्या कराने की साजिश रच रहे हैं।

Related Articles

Back to top button