क्रिस गेल की लीग में बवाल ,करोड़ों लेकर आयोजक फरार, श्रीनगर में फंसे विदेशी खिलाड़ी
श्रीनगर में खेली जा रही इंडियन हेवन प्रीमियर लीग अचानक हुई बंद। आयोजक रातोंरात गायब, खिलाड़ियों और होटल का लाखों रुपये बकाया। क्रिस गेल समेत कई विदेशी खिलाड़ी हुए ठगे, दूतावासों तक पहुंचा मामला।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में खेले जा रहे इंडियन हेवन प्रीमियर लीग (IHPL) में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस टूर्नामेंट के आयोजक रविवार रात अचानक श्रीनगर से फरार हो गए, जिसके बाद लीग को बीच में ही बंद करना पड़ा। इस लीग में वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल सहित कई विदेशी क्रिकेटर शामिल थे। टूर्नामेंट की शुरुआत 25 अक्टूबर को हुई थी और फाइनल मुकाबला 8 नवंबर को खेला जाना था, लेकिन आयोजकों के भाग जाने से पूरा आयोजन संकट में पड़ गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली की एक निजी कंपनी इस टूर्नामेंट का आयोजन कर रही थी, जिसने करोड़ों रुपये का बकाया नहीं चुकाया। श्रीनगर के जिस होटल में खिलाड़ी ठहरे थे, उसका कहना है कि 80 लाख रुपये से अधिक का बिल अभी बाकी है। होटल के एक अधिकारी ने बताया कि आयोजकों ने 9 नवंबर तक कमरे बुक किए थे, लेकिन एक पैसा भी नहीं दिया। होटल प्रबंधन ने खिलाड़ियों को चेकआउट की अनुमति दी, लेकिन पूरा भुगतान अब भी बाकी है।
IHPL को एक हाई-प्रोफाइल क्रिकेट लीग के रूप में प्रमोट किया गया था, जिसमें कुल 8 टीमें और 32 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के शामिल होने की घोषणा की गई थी। हालांकि, कुछ ही खिलाड़ी मैदान पर उतरे। क्रिस गेल, प्रवीण कुमार, थिसारा परेरा, रिचर्ड लेवी, और अयान खान जैसे खिलाड़ी इसमें शामिल थे। भारतीय खिलाड़ियों में परवेज रसूल, फैज फजल, और ईश्वर पांडे ने भी भाग लिया।
इंग्लैंड की अंपायर मेलिसा जुनिपर ने बताया कि आयोजक शनिवार देर रात भाग गए थे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को घर भेजने के लिए होटल के साथ समझौता करना पड़ा। परवेज रसूल के मुताबिक, कुछ खिलाड़ियों को होटल से निकलने से रोका गया था, जब तक कि मामला विदेशी दूतावासों तक नहीं पहुंच गया। यह लीग अब पूरी तरह ठप हो गई है और आयोजकों की तलाश जारी है।



