असम में बड़ा रेल हादसा: राजधानी एक्सप्रेस हाथियों से टकराई, 8 की मौत, ट्रेन पटरी से उतरी
असम के होजाई जिले में देर रात राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकरा गई। हादसे में इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए और आठ हाथियों की मौत हो गई। रेलवे के मुताबिक, इस दुर्घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।

असम के होजाई जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सायरंग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकरा गई, जिसके चलते ट्रेन का इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में आठ हाथियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक हाथी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
रात 2:17 बजे हुआ हादसा
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) के प्रवक्ता के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 2 बजकर 17 मिनट पर होजाई जिले के चांगजुराई इलाके में हुआ। बताया गया कि लोको पायलट ने पटरियों पर हाथियों के झुंड को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन इसके बावजूद टक्कर नहीं टल सकी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
वन विभाग की टीम मौके पर
नगांव के संभागीय वन अधिकारी सुहाश कदम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। हादसे वाली जगह हाथियों के लिए घोषित कॉरिडोर नहीं है, इसके बावजूद झुंड का वहां पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।
रेल यातायात प्रभावित, बहाली का काम जारी
हादसे के बाद जमुनामुख–कामपुर रेल खंड पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस सेक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों को फिलहाल अप लाइन से निकाला जा रहा है और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का काम जारी है।
यात्रियों को दूसरे कोचों में किया गया शिफ्ट
सूत्रों के मुताबिक, पटरियों पर हाथियों के शव और क्षतिग्रस्त डिब्बों के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों के लिए ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। प्रभावित कोचों के यात्रियों को ट्रेन के अन्य कोचों में खाली बर्थ पर अस्थायी रूप से ठहराया गया। ट्रेन के गुवाहाटी पहुंचने पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे, जिसके बाद ट्रेन आगे की यात्रा शुरू करेगी।
दिल्ली से मिजोरम को जोड़ती है यह ट्रेन
सायरंग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के सायरंग (आइजोल के पास) को दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जोड़ती है और पूर्वोत्तर के लिए एक अहम रेल संपर्क मानी जाती है।



